Best Hindi Travel Blog -Five Colors of Travel

सोचिए, शहरी फैशन और बदलती दुनिया की इस नई पहचान में आप कहाँ हैं?

फैशन शब्द सुनते ही दिमाग में कुछ नया, आकर्षक और अलग सा दिखने वाला रूप सामने आता है लेकिन शहरी फैशन की शुरुआत केवल कपड़ों तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह समाज और संस्कृति के साथ बदलती रही है। अगर हम भारतीय परिदृश्य में देखें तो प्राचीन समय में लोगों की पोशाकें सरल और स्थानीय जरूरतों के अनुसार थीं। समय के साथ जब शहरों का विकास हुआ, तब वहां की भीड़, व्यापार, तकनीक और सामाजिक मेलजोल ने पहनावे पर गहरा असर डाला लेकिन वही आज..!?

आज के इस दौर में अंग्रेजों के कपड़ों की नकल भारतीय शहरों में तेजी से फैली है। पैंट-शर्ट, ब्लेज़र और टाई शहरी लोगों की पहचान बनने लगी है। वहीं महिलाओं ने भी परंपरागत साड़ी और घाघरा से आगे बढ़कर गाउन, स्कर्ट और ब्लाउज अपनाना शुरू कर दिया है। आजादी के बाद भारतीय समाज ने खुद के फैशन की दिशा खोजी। 1960 और 70 के दशक में बॉलीवुड फिल्मों ने नए ट्रेंड गढ़े। राजेश खन्ना की स्टाइल, अमिताभ बच्चन की बेल बॉटम पैंट और हेमा मालिनी की साड़ियां फैशन का हिस्सा बन गईं।

शहरी फैशन- अमिताभ बच्चन की बेल बॉटम पैंट

आज के दौर में शहरी फैशन ग्लोबल और लोकल का मिश्रण है। मॉल्स, ब्रांडेड शोरूम और ऑनलाइन शॉपिंग ने इसे हर किसी की पहुंच में ला दिया है। अब फैशन सिर्फ अमीरों तक सीमित नहीं है, बल्कि मध्यम वर्गीय युवा भी ट्रेंड्स को फॉलो करता है। यह सफर इस बात का सबूत है कि शहरी फैशन समाज के बदलते रंगों का आईना है।

युवा पीढ़ी को शहरी फैशन का ट्रेंडसेटर कहा जा सकता है। यह पीढ़ी अपने पहनावे से अपनी सोच और आज़ादी को व्यक्त करती है। कॉलेज, ऑफिस या फिर कैफे हर जगह युवाओं का अलग-अलग स्टाइल नजर आता है। जींस-टीशर्ट, शॉर्ट्स, स्नीकर्स और हुडीज़ उनकी पहली पसंद बन चुके हैं। दिलचस्प बात यह है कि आज के युवा केवल ब्रांडेड कपड़ों के पीछे नहीं भागते। वे मिक्स एंड मैच करना पसंद करते हैं। जींस के साथ कुर्ती, या फिर इंडो वेस्टर्न ड्रेस एक नया स्टाइल स्टेटमेंट बन गया है। लड़कियां साड़ी के साथ बेल्ट पहनकर या स्नीकर्स के साथ लहंगा पहनकर अपनी अलग पहचान दिखाती हैं। वहीं लड़के फॉर्मल सूट को स्पोर्ट्स शूज़ के साथ कैरी करने से भी नहीं हिचकिचाते।

शहरी फैशन

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स ने युवाओं की फैशन सोच को और भी मजबूत किया है। इंस्टाग्राम रील्स, यूट्यूब व्लॉग्स और स्नैपचैट फिल्टर्स के ज़रिए वे हर दिन नए ट्रेंड खोजते और अपनाते हैं। बड़े शहरों जैसे दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु की सड़कों पर आपको युवाओं का यह फैशन एक्सपेरिमेंट साफ दिख जाएगा। युवाओं का आत्मविश्वास ही शहरी फैशन की असली ताकत बन चुका है। वे कपड़ों को केवल ज़रूरत नहीं, बल्कि व्यक्तित्व का आईना मानते हैं। यही वजह है कि युवा पीढ़ी के चलते फैशन इंडस्ट्री हर साल नए ट्रेंड्स पेश करती है और मार्केट में करोड़ों का कारोबार भी करती है।

सोशल मीडिया ने फैशन को नई ऊंचाई दी है। पहले फैशन का मतलब केवल बड़े डिज़ाइनर्स और मैगज़ीन में दिखने वाले कपड़े होते थे। लेकिन अब हर आम इंसान अपने स्टाइल को सोशल मीडिया पर अपलोड करके फैशन का हिस्सा बन सकता है। इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर्स, यूट्यूब फैशन ब्लॉगर और टिकटॉक क्रिएटर्स आज के दौर के फैशन लीडर हैं। वे अपने फॉलोअर्स को कपड़े पहनने, मेकअप करने और स्टाइल कैरी करने के नए तरीके बताते हैं। अगर कोई नया स्टाइल एक बार वायरल हो जाए, तो देखते ही देखते लाखों लोग उसे अपनाने लगते हैं।

शहरी फैशन

ऑनलाइन शॉपिंग ने इस बदलाव को और आसान बना दिया है। मिंत्रा, फ्लिप्कार्ट और अमेजन जैसे प्लेटफॉर्म्स ने फैशन को केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि छोटे कस्बों और गांवों तक पहुंचा दिया है। अब लोग अपने पसंदीदा इन्फ्लुएंसर से प्रेरित होकर मिनटों में वही कपड़े ऑनलाइन ऑर्डर कर लेते हैं। शहरी फैशन में “स्ट्रीट स्टाइल” का योगदान भी सोशल मीडिया से ही मजबूत हुआ है। दिल्ली का कनॉट प्लेस, मुंबई का बांद्रा या बेंगलुरु का ब्रिगेड रोड—इन जगहों पर युवाओं का रोज़मर्रा का लुक ही अब ग्लोबल फैशन का हिस्सा बन रहा है। यह कहा जा सकता है कि सोशल मीडिया ने फैशन को एक तरह से लोकतांत्रिक बना दिया है। अब फैशन केवल रनवे शो तक सीमित नहीं, बल्कि हर गली और हर स्क्रीन पर मौजूद है। हां एक बात जरूर कही जा सकती है कि इससे फास्ट फैशन को बढ़ावा तो मिला है।

शहरी फैशन की असली खूबसूरती इसमें है कि यह कभी अपनी जड़ों को पूरी तरह नहीं छोड़ता। भारतीय परिधान और पश्चिमी स्टाइल का मेल आज के शहरों की पहचान है। महिलाएं अब जींस और टॉप के साथ दुपट्टा डालना पसंद करती हैं। वहीं, साड़ी को मॉडर्न ब्लाउज़ या क्रॉप टॉप के साथ पहनना नया ट्रेंड है। “फ्यूज़न वियर” यानी इंडियन और वेस्टर्न का संगम अब सबसे लोकप्रिय फैशन माना जाता है। शादी-ब्याह में जहां पहले भारी-भरकम लहंगे और ज्वेलरी पहनना ज़रूरी समझा जाता था, वहीं अब लोग हल्के और ट्रेंडी आउटफिट पसंद करते हैं।

पुरुष भी इस बदलाव से अछूते नहीं रहे हैं। पहले जहां उनका फैशन फॉर्मल पैंट-शर्ट तक ही सीमित था, वहीं अब वे कुर्ता पायजामा के साथ डेनिम जैकेट या स्नीकर्स पहनकर खुद को अलग अंदाज़ में पेश करते हैं। नेहरू जैकेट और बंदगला सूट भी युवा पीढ़ी की पसंद में शामिल हैं। दिलचस्प बात यह है कि भारतीय परंपरा को अब अंतरराष्ट्रीय फैशन मंचों पर भी मान्यता मिल रही है। साड़ी, कुर्ता और जूती अब विदेशों में भी ट्रेंडी माने जाते हैं। बड़े-बड़े डिज़ाइनर्स भारतीय फैब्रिक और कढ़ाई को अपने कलेक्शन में शामिल करते हैं। यह सब केवल कपड़ों तक ही नहीं, बल्कि ज्वेलरी और एक्सेसरीज़ में भी देखने को मिलता है। ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी, झुमके और बैग्स को अब जींस-टॉप के साथ भी कैरी किया जाता है। यही मिलन शहरी फैशन को और भी रंगीन बना देता है।

जैसा की आज देखकर लगता है, भविष्य का शहरी फैशन केवल खूबसूरती तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह पर्यावरण, आराम और तकनीक का संगम होगा। अब लोग ऐसे कपड़े पसंद करने लगे हैं जो स्टाइलिश हों, लेकिन पर्यावरण को नुकसान न पहुंचाएं। वैसे इसे “सस्टेनेबल फैशन” कहा जाता है। रिसाइकल्ड फैब्रिक, ऑर्गेनिक कॉटन और हाथ से बने कपड़े धीरे-धीरे शहरों में लोकप्रिय हो रहे हैं। फैशन ब्रांड्स भी अब इस दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं। इसका कारण है बढ़ती जागरूकता और ग्लोबल वार्मिंग का खतरा है।

शहरी फैशन

आने वाले समय में लोग ब्रांड से ज्यादा कपड़े की गुणवत्ता और उसके स्रोत पर ध्यान देंगे ऐसा लगता है। तकनीक भी फैशन को बदल देगी। वर्चुअल ट्रायल रूम्स, ऑगमेंटेड रियलिटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस फैशन शॉपिंग को और आसान बनाएंगे। ग्राहक अपने मोबाइल पर ही यह देख सकेंगे कि कौन सा कपड़ा उनके ऊपर कैसा लगेगा। साथ ही, भविष्य का फैशन केवल एक जगह तक सीमित नहीं रहेगा।

final-4

Hello! I Pardeep Kumar

मुख्यतः मैं एक मीडिया शिक्षक हूँ, लेकिन हमेशा कुछ नया और रचनात्मक करने की फ़िराक में रहता हूं।

लम्बे सफर पर चलते-चलते बीच राह किसी ढ़ाबे पर कड़क चाय पीने की तलब हमेशा मुझे ज़िंदा बनाये रखती
है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *