Best Hindi Travel Blog -Five Colors of Travel

टेराकोटा: मिट्टी की खुशबू में बसी कला, जो इतिहास भी संजोती है और वर्तमान भी!

टेराकोटा: मिट्टी की अपनी एक अलग पहचान होती है कहीं खेतों को जीवन देती है, तो कहीं कारीगरों के हाथों में आकर कला बन जाती है। इसी मिट्टी से जन्म लेती है टेराकोटा कला, जो न सिर्फ भारत की सबसे पुरानी कलाओं में से एक है बल्कि आज भी अपनी खूबसूरती और उपयोगिता से दिल जीत रही है। टेराकोटा शब्द का मतलब होता है पकी हुई मिट्टी, और इस कला में कच्ची मिट्टी को खूबसूरत आकार देकर आग में पकाया जाता है, जिससे वह मजबूत और चमकदार रूप ले लेती है।

भारत में टेराकोटा कला का इतिहास बहुत गहरा है। सिंधु घाटी सभ्यता में खुदाई के दौरान जो खिलौने, मूर्तियां और बर्तन मिले, वे यही बताते हैं कि उस समय भी लोग मिट्टी से अद्भुत चीजें बनाते थे। बाद में बिष्णुपुर पश्चिम बंगाल टेराकोटा मंदिरों के लिए दुनिया भर में मशहूर हुआ, जहां की दीवारों पर मिट्टी की नक्काशी आज भी दर्शकों को चकित कर देती है। राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और तमिलनाडु जैसे राज्यों में भी यह कला पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा है। कहीं यह पूजा में इस्तेमाल होने वाली घोड़े और हाथी की मूर्तियों में दिखती है, तो कहीं घरों की दीवारों पर लगी सजावटी डिज़ाइनों में।(कहीं यह पूजा में इस्तेमाल होने वाली घोड़े और हाथी की मूर्तियों में दिखती है, तो कहीं घरों की दीवारों पर लगी सजावटी डिज़ाइनों में।)

आज के समय में भी टेराकोटा की मांग तेजी से बढ़ रही है, क्योंकि यह नेचर–फ्रेंडली, सस्ती और आकर्षक कला मानी जाती है। मिट्टी के बर्तन, प्लांटर, लैंप, शोपीस, वॉल हैंगिंग्स, झूमर और ज्वेलरी सबकुछ टेराकोटा में उपलब्ध है और लोग इन्हें अपने घर की सजावट में गर्व से शामिल करते हैं। इसके अलावा, इंटीरियर डिज़ाइन और आर्किटेक्चर में भी टेराकोटा का इस्तेमाल फिर से चलन में है क्योंकि यह वातावरण को ठंडा रखता है और स्वास्थ्य के लिए भी बेहतर माना जाता है। मिट्टी के घड़े की ठंडी मीठी खुशबू, आज भी फ्रिज के ठंडे पानी से ज्यादा ठंडक देती है, यही इसकी खूबी है

वास्तव में टेराकोटा सिर्फ कला ही नहीं, संस्कृति, परंपरा और भावना है। कारीगर महीनों तक मेहनत करके एक-एक टुकड़ा तैयार करते हैं ताकि मिट्टी में खूबसूरती आ सके। जरूरत है कि हम इस कला को प्रोत्साहित करें हस्तशिल्प मेले में जाएं, स्थानीय कलाकारों से सामान खरीदें और इस विरासत को जीवित रखें। क्योंकि जब हम टेराकोटा को अपने घर या जीवन में जगह देते हैं, तो हम सिर्फ मिट्टी की वस्तु नहीं, बल्कि हजारों साल पुरानी कहानी को अपनाते हैं।

यह भी पढ़ें- https://fivecolorsoftravel.com/bishnupur-west-bengal/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *