दिल्ली वालों और बच्चों के लिए खुशखबरी है। करीब दो महीने तक बंद रहने के बाद राष्ट्रीय प्राणी उद्यान, यानी दिल्ली जू, अब फिर से आम जनता के लिए खोल दिया गया है। सर्दियों के मौसम की शुरुआत के साथ ही यहां लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है। बच्चों से लेकर बड़ों तक, हर किसी में उत्साह है। यह चिड़ियाघर दिल्ली के दिल में, पुराने किले और हुमायूं के मकबरे के बीच फैला हुआ है। यहां हर तरफ हरियाली और खुला वातावरण है, जो परिवारों के लिए एकदम सही वीकेंड डेस्टिनेशन बन जाता है।

क्यों था बंद दो महीने तक दिल्ली का जू?
दिल्ली चिड़ियाघर को वार्षिक रखरखाव और मरम्मत कार्य के लिए दो महीने तक बंद रखा गया था। इस दौरान पूरे परिसर की सफाई, जानवरों के पिंजरों की मरम्मत, और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त किया गया। प्रशासन के अनुसार, यह काम हर साल किया जाता है ताकि पशुओं के स्वास्थ्य और विज़िटर्स की सुविधा दोनों का ध्यान रखा जा सके। इस बार कई पुराने बाड़ों को भी नया रूप दिया गया है। अब पूरा जू पहले से ज्यादा साफ, सुरक्षित और आकर्षक बन गया है।

जानिए टिकट रेट और खुलने का समय
अगर आप दिल्ली जू घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो समय और टिकट दरें जानना ज़रूरी है। चिड़ियाघर हर दिन सुबह 9 बजे से शाम 4:30 बजे तक खुला रहता है, जबकि हर शुक्रवार को यह बंद रहता है।(करीब दो महीने तक बंद रहने के बाद राष्ट्रीय प्राणी उद्यान)

टिकट दरें कुछ इस प्रकार हैं-
- बड़ों के लिए: ₹80 प्रति व्यक्ति
- बच्चों के लिए (5–12 वर्ष): ₹40
- विदेशी पर्यटकों के लिए: ₹400
- 5 साल से छोटे बच्चों का प्रवेश: मुफ्त

सर्दियों में यहां घूमने का सबसे अच्छा समय सुबह या दोपहर का होता है। ठंडी हवा, धूप और जानवरों की एक्टिविटी देखने में अलग ही मज़ा आता है।
चिड़ियाघर में क्या-क्या देखने लायक है?
दिल्ली के इस विशाल जू में करीब 1500 से ज़्यादा जानवर और पक्षी हैं। यहां सफेद बाघ, शेर, गेंडा, हाथी, ज़ेब्रा, मगरमच्छ, भालू, हिरण, बंदर, पेंगोलिन, शुतुरमुर्ग और तोते जैसे जीव देखे जा सकते हैं। पक्षियों के लिए भी यहां अलग सेक्शन बना है, जहां मोर, उल्लू, तोता, बतख और सारस जैसे खूबसूरत पक्षी हैं। बच्चों के लिए यह जगह किसी रोमांचक दुनिया से कम नहीं। यहां की झीलें, हरियाली और खुले रास्ते परिवारों के लिए पिकनिक का बढ़िया मौका देते हैं। खाने-पीने के लिए अंदर कुछ स्टॉल हैं, लेकिन प्लास्टिक या पॉलिथीन अंदर ले जाना मना है।

कैसे पहुंचे दिल्ली चिड़ियाघर?
चिड़ियाघर तक पहुंचना बहुत आसान है। सबसे नज़दीकी मेट्रो स्टेशन है प्रगतिमैदान, जो ब्लू लाइन पर पड़ता है। वहां से आप पैदल या ऑटो से कुछ ही मिनटों में जू के गेट तक पहुंच सकते हैं। बस, टैक्सी और कैब की भी सुविधा हर दिशा से मिलती है। पार्किंग की व्यवस्था भी बढ़िया है। अब जब दिल्ली का मौसम ठंडा और सुहाना है, तो इस वीकेंड परिवार या बच्चों के साथ यहां ज़रूर घूम आइए। अगली बार जब बच्चा कहे, कहीं चलें ना!, तो सीधा दिल्ली चिड़ियाघर ले आइए यकीन मानिए, यहां की सैर सबके चेहरे पर मुस्कान ला देगी।