Best Hindi Travel Blog -Five Colors of Travel

Categories
Bazar Culture Destination Food Lifestyle South India Travel

गरियाहाट मार्केट कोलकाता: कैसे पहुंचें गरियाहाट मार्केट और क्या-क्या खरीदें? खाना, रूकना पूरी यात्रा गाइड!

गरियाहाट मार्केट

गरियाहाट मार्केट की पहचान

यह मार्केट सबसे ज़्यादा पारंपरिक बंगाली साड़ियों के लिए जाना जाता है। यही इसकी खास बात है। यहां की दुकानों में रेशम, तसर, कांथा, बालूचरी, ढाकाई, गरद, कोरा, ताप, और सूती टांट साड़ियां हर रंग, डिज़ाइन और बजट में उपलब्ध होती हैं। हर साड़ी की बहुत ही खूबसूरत और अद्भुत दिखती है कहीं कारीगरों की महीनों की मेहनत छुपी होती है, तो कहीं पारंपरिक लोक कथाओं और मंदिर कला से प्रेरित डिज़ाइन। जिन महिलाओं को साड़ियों का शौक है, उनके लिए गरियाहाट स्वर्ग जैसा लगता है, क्योंकि यहां आपको डिजाइनर बुटीक्स से लेकर स्ट्रीट शॉप तक सब कुछ एक साथ मिल जाता है। कई दुकानों में हाथ से काम की गई कांथा स्टिच साड़ियां और जामदानी इतने खूबसूरत पैटर्न में मिलती हैं कि उन्हें देखते ही देखने वाले का मन जीत लेती हैं। यह जगह दुल्हन की शॉपिंग के लिए भी बहुत फेमस है, इसलिए त्योहारों, दुर्गा पूजा और शादी के मौसम में यहां पैर रखने की जगह भी मुश्किल हो जाती है।

गरियाहाट मार्केट

गरियाहाट का इतिहास जानते हैं!

यह बाजार करीब सौ साल से भी ज्यादा समय से दक्षिण कोलकाता के ट्रेड और कल्चर का मुख्य केंद्र रहा है। पुराने समय में यह जगह छोटे-छोटे दुकानदारों और बंगाली समाज के पारंपरिक व्यापारियों का एक साधारण बाजार था। समय के साथ यह कोलकाता का सबसे सक्रिय और प्रतिष्ठित बाजार बन गया। यहां खरीदारी करना सिर्फ एक व्यापारिक काम नहीं रहा बल्कि लोगों के लिए एक सामाजिक अनुभव भी बन गया। जहां दुकानें सिर्फ खरीदने-बेचने का स्थान नहीं, बल्कि बातचीत, हंसी और मानवीय रिश्तों की गर्माहट का हिस्सा हैं। कई दुकानों के मालिक पीढ़ियों से इस बाजार से जुड़े हुए हैं और उनकी पहचान आज भी उनके ग्राहकों के परिवारों से वर्षों पुराने रिश्तों की तरह मजबूत है। यही कारण है कि यहां की पुरानी दुकानों में ग्राहकों का विश्वास और स्नेह वैसा ही बना रहता है जैसा परिवार में होता है।(त्योहारों, दुर्गा पूजा और शादी के मौसम में यहां पैर रखने की जगह भी मुश्किल हो जाती है।)

गरियाहाट मार्केट

क्या यहां केवल साड़ियां ही मिलती है?

गरियाहाट मार्केट सिर्फ साड़ियों के लिए ही नहीं, बल्कि हस्तशिल्प, ज्वेलरी, होम डेकोर, हैंडमेड आइटम्स और दैनिक उपयोग की चीज़ों के लिए भी बेहद लोकप्रिय है। सड़क के दोनों ओर लगी स्टॉल्स पर बांस-कला, जूट बैग, टेराकोटा, शोपीस, पारंपरिक खिलौने, कोलकाता थीम्ड स्मृति चिन्ह, डरपोक कलर बैग, हाथ से बने कान के झुमके और चूड़ियां आंखों को चकाचौंध कर देती हैं। इन स्टॉल्स पर होने वाली मोलभाव की बातचीत इस मार्केट के मज़े का अहम हिस्सा है। यहां हर खरीद मोल-भाव के साथ ही पूरी होती है और यही असली ‘कोलकाता मार्केट कल्चर’ है। यही नहीं, यहां आधुनिक डिजाइनर स्टूडियोज, रेडीमेड गारमेंट्स, फुटवियर, इलेक्ट्रॉनिक एक्सेसरीज़ और ब्यूटी उत्पाद भी बड़ी संख्या में मिलते हैं। यानी यह बाजार परिवार के हर सदस्य के लिए कुछ खास लेकर तैयार है

गरियाहाट मार्केट

मार्केट में खाना-पीना

किसी भी बाजार की पहचान उसके खाने-पीने से होती है और गरियाहाट इस मामले में पूरी तरह unbeatable है। यहां स्ट्रीट फूड की खुशबू हर आगंतुक को रोक लेती है। कोलकाता का मशहूर फिश फ्राई, एग रोल, चाउमीन, फुचका, घुगनी, कटलेट, मोमोज, चाय और रसगुल्ला सब कुछ यहां शानदार स्वाद में मिलता है। कई लोग सिर्फ ‘गरियाहाट वाले एग रोल’ और ‘कटलेट’ खाने के लिए खास तौर पर यहां आते हैं। शाम को जब गलियों में रोशनी जलती है, सड़क किनारे खाने के स्टॉल चमक उठते हैं और भीड़ चाय के गिलासों की खनक और बातचीत की आवाज़ों में घुल जाती है, तब यह जगह और भी खूबसूरत हो जाती है। कई स्थानीय लोग कहते हैं कि “गरियाहाट में खरीदारी हो या न हो, खाना ज़रूर होना चाहिए! और सच मानिए, यह बात 100% सच लगती है।

गरियाहाट मार्केट

अब बात करते हैं कैसे पहुंचें?

तो गरियाहाट पहुंचना काफी आसान है। कोलकाता एयरपोर्ट से टैक्सी या कैब के जरिए लगभग 50-60 मिनट में आप यहां आ सकते हैं। निकटतम मेट्रो स्टेशन कालीघाट और जादवपुर हैं, जहां से आप ऑटो या रिक्शा लेकर आसानी से गरियाहाट मार्केट पहुंच सकते हैं। कोलकाता की आइकॉनिक ट्राम सेवा का भी अनुभव पास में मिल जाता है, जो यहां की यात्रा में एक पुरानी यादों जैसा स्पर्श देती है। यहां पार्किंग की सुविधा सीमित होने के कारण लोकल ऑटो, बस या कैब से आना बेहतर माना जाता है। अगर आप पहली बार आ रहे हैं, तो शाम 5 से 9 बजे के बीच का समय सबसे अच्छा है ना ज्यादा गर्मी, ना ज्यादा भीड़, बल्कि त्योहार जैसा जीवंत माहौल।

गरियाहाट मार्केट

क्यों आना चाहिए गरियाहाट मार्केट?

इस मार्केट में परंपरा और आधुनिकता एक ही राह पर साथ चलते हुई दिखाई देते हैं। यहां की साड़ियों में कारीगरों की कला जीवित होती है, यहां के खाने में प्रेम और अपनापन मिलता है, यहां की भीड़ में जीवन की चमक दिखाई देती है और यहां की दुकानों में इतिहास के पन्ने छिपे रहते हैं। जो परत दर परत खुलता हुआ नजर आता है। जब आप यहां से निकलते हैं, तो अपने साथ सिर्फ सामान या स्मृति चिन्ह नहीं, बल्कि यादें, खुशियां और बंगाली संस्कृति की यादें समेट कर जाते हैं। यकीन मानिए, जो व्यक्ति एक बार गरियाहाट आता है, उसे यह जगह हमेशा याद रहती है और वह फिर वापस आने का मन बनाता है। क्योंकि बाजार मोहक होता है, यही बाजार नहीं दुनिया भर के मार्केट लोगों को आकर्षक करते हैं। इसी के समकक्ष है अपना गरियाहाट बाजार है।

गरियाहाट मार्केट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *