भारत का सबसे पहला सवेरा
भारत के अरुणाचल प्रदेश का डोंग गांव एक ऐसा नाम है जिसे सुनते ही लगता है मानो किसी कहानी की किताब से निकला हो। शांत, दूर-दराज़ और प्रकृति की गोद में लिपटा हुआ। लोहित ज़िले की पहाड़ियों के बीच बसा यह छोटा सा गांव भारत का सबसे पूर्वी आबाद क्षेत्र माना जाता है, जहां हर सुबह सूरज की पहली लालिमा सबसे पहले धरती को छूती है। इस जगह का सूर्योदय सिर्फ एक दृश्य नहीं, बल्कि एक अनुभव है जो आपकी थकान, तनाव और भीड़भाड़ से भरी दुनिया से कुछ पल के लिए ही सही, दूर ले जाता है।

कैसे पहुंचें डोंग गांव?
यहां तक पहुंचना अपने आप में एक छोटा सा साहसिक सफ़र है। तेजू से आगे की यात्रा में रास्ता कभी पथरीला होता है, तो कभी घने जंगलों से ढका हुआ। किसी भी बड़े शहर की हलचल यहां नहीं मिलती, इसलिए यहां की यात्रा दिल और दिमाग दोनों को शांत करती है। गांव तक पहुंचने के लिए अंतिम हिस्सा पैदल ट्रेक से तय किया जाता है, और यही ट्रेक असल यात्रा का सबसे रोमांचक हिस्सा है। हल्की ठंडी हवा, दूर-दूर तक फैली घाटियां और बीच-बीच में बहती पहाड़ी नदियों की आवाज़ इस सफ़र को और भी यादगार बना देती है।

यहां की खूबसूरती
डोंग की सुबह का नज़ारा मानो किसी पेंटिंग से निकलकर सामने आ जाता है। सूरज की पहली किरणें जब पहाड़ियों की चोटियों पर गिरती हैं, तो पूरा आसमान धीरे-धीरे सोने की तरह चमक उठता है। कुछ सेकंड के भीतर ही घाटियां नीले से सुनहरी रंग में बदलने लगती हैं। पर्यटक अक्सर सुबह चार बजे ही सूर्योदय पॉइंट की ओर निकल जाते हैं, ताकि आसमान का यह रंग-परिवर्तन नजदीक से देख सकें। वहां पहुंचकर जो सन्नाटा, ताज़गी और आसमान का सौंदर्य मिलता है, वो शायद ही कहीं और महसूस हो सके।(हल्की ठंडी हवा, दूर-दूर तक फैली घाटियां और बीच-बीच में बहती पहाड़ी नदियों की आवाज़ इस सफ़र को और भी यादगार बना देती है।)

गांव की संस्कृति
डोंग गांव सिर्फ सूर्योदय के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी स्थानीय संस्कृति और लोगों की सरलता के लिए भी जाना जाता है। यहां के लोग बेहद मिलनसार हैं और अपने खान-पान, जीवनशैली और परंपराओं को लेकर गर्व महसूस करते हैं। छोटे-छोटे लकड़ी के बने घर, खेतों में चलती सुबह-सुबह की हलचल और बच्चों की चहकती आवाजें इस गांव को जीवंत बना देती हैं। किसी भी यात्री को यहां आते ही महसूस हो जाता है कि भारत की असली सुंदरता बड़े शहरों में नहीं, बल्कि इन्हीं शांत और प्राकृतिक जगहों में छुपी है।

प्रकृति के नजारे
डोंग की यात्रा उन लोगों के लिए बिल्कुल परफेक्ट है जो हलचल से दूर होकर प्रकृति के साथ कुछ शांत पल बिताना चाहते हैं। यहां न कोई भीड़, न बाज़ार, न शोर सिर्फ पहाड़ों की गोद, शांत वातावरण और दुनिया का सबसे सुहाना सूर्योदय। अगर आप अरुणाचल प्रदेश की असल खूबसूरती महसूस करना चाहते हैं, तो डोंग का यह रोज़ सुबह होने वाला जादू जरूर देखिए।
