Best Hindi Travel Blog -Five Colors of Travel

हाथी गांव: हाथी देखना है तो आमेर किले के पास इस गांव में आइए, लगभग 75 हाथियों का परिवार है यहां!

हाथी गांव: राजस्थान की धरती वैसे तो वीरों, इतिहास और किलों की कहानी से भरी है लेकिन जयपुर में आमेर किले के बिल्कुल पास बसा हाथी गांव एक ऐसी जगह है, जहां इंसान और जानवर के बीच का अपनापन अपनी अनोखी पहचान बनाता है। 140 बीघा जमीन में फैला यह गांव आज पर्यटकों के लिए खास आकर्षण है, जहाँ एक ही जगह पर करीब 75 हाथियों का परिवार रहता है। पर्यटक यहाँ हाथियों को नज़दीक से देख सकते हैं, उन्हें नहलाने, खाना खिलाने, रंग सजाने और उनके साथ चलने का रोमांच महसूस कर सकते हैं। प्रकृति, शांति और रोमांच के ऐसे नजारे कहीं और मिलना मुश्किल है।

हाथी गांव

गांव का इतिहास

हाथी गांव का इतिहास दिलचस्प है। साल 2008 में राजस्थान सरकार और वन विभाग ने मिलकर इसे बसाया था ताकि हाथियों का बेहतर संरक्षण, देखभाल और रहने का स्थान तैयार किया जा सके। पहले ये हाथी शहर की सड़कों पर रहते थे, जहाँ भीड़, शोर और गर्म मौसम में इन्हें काफी परेशानी होती थी। इसी कारण इन्हें एक सुरक्षित और प्राकृतिक जगह पर बसाया गया और यही स्थान बना हाथी गांव। यहाँ हर हाथी का अपना नाम, देखभाल करने वाला महावत और रहने की एक पूरी प्रणाली है।( 140 बीघा जमीन में फैला यह गांव आज पर्यटकों के लिए खास आकर्षण है)

हाथी गांव

कैसे पड़ा यह नाम?

इस जगह का नाम हाथी गांव इसलिए पड़ा क्योंकि यहाँ पर सबसे ज़्यादा संख्या में हाथी एक साथ रहते हैं। यह एक तरह का बड़ा परिवार है महावत, उनके परिवार, और हाथियों का मिलकर बसा मानव-प्रकृति का सुन्दर संसार। यहाँ पर्यटक हाथियों के साथ समय बिताने के साथ-साथ उनकी ज़िंदगी, प्रशिक्षण, खान-पान, इलाज और उनके महावतों की कहानी भी जान सकते हैं। फोटो खिंचवाना और रंग-बिरंगे सजाए हुए हाथियों को देखना हर इंसान को खुश कर देता है

हाथी गांव

कहाँ है और कैसे पहुँचें?

हाथी गांव आमेर किले से लगभग 1-2 किलोमीटर की दूरी पर, जयपुर शहर से करीब 11 किलोमीटर दूर स्थित है। यहाँ पहुँचने के लिए जयपुर रेलवे स्टेशन या जयपुर हवाई अड्डे से टैक्सी, ऑटो या निजी गाड़ी आसानी से मिल जाती है। आमेर किले तक आने वाले हर टूरिस्ट रूट से हाथी गांव का रास्ता सीधा मिलता है, इसलिए यहाँ पहुँचना बहुत आसान है। बेहतर होगा सुबह या शाम को जाएं, ताकि मौसम अच्छा हो और हाथियों के साथ अधिक समय बिताने का मौका मिले।

हाथी गांव

By Five Colors Of Travel

Five Colors of Travel भारत का एक भरोसेमंद Hindi Travel Blog है जहां आप ऑफबीट डेस्टिनेशन, culture, food, lifestyle और travel tips की authentic जानकारी पढ़ते हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *