Best Hindi Travel Blog -Five Colors of Travel

Categories
Category Culture Madhya pradesh

जहाँ आस्था मिलती है आज़ादी से वही तो है -Gurdwara Data Bandi Chor Sahib – Gwalior

ग्वालियर मध्य प्रदेश के दिल में बसा यह शहर जितना आधुनिक है, उतना ही प्राचीन कथाओं, राजसी गाथाओं और अनगिनत आध्यात्मिक अनुभवों से भरा हुआ हैं। लेकिन इस शहर का सबसे चमत्कारी रत्न है ग्वालियर का किला, जो ग्वालियर की एक ऊँची चट्टान पर शान से खड़ा है और यही तो वो किला है जिसे मुगल सम्राट बाबर ने “हिन्द के किलों में मोती” कहा था। किले की घुमावदार चढ़ाई, हवा का तेज़ बहाव, और ऊपर पहुँचकर खुलते विशाल आसमान का दृश्य यह सब मिलकर आपको किसी और समय में ले जाता है। और जब इन्हीं किले की दीवारों के बीच अचानक आपको सफेद संगमरमर से दमकता गुरुद्वारा दाता बन्दी छोड़ साहिब नज़र आता है, तो लगता है जैसे पूरी यात्रा किसी पवित्र मोड़ पर आकर ठहर गई हो। यह सिर्फ गुरुद्वारा नहीं बल्कि यह तो मुक्ति की कहानी, न्याय की विजय, और करुणा की शक्ति का ऐसा प्रतीक है, जिसे महसूस किए बिना इस जगह को समझा नहीं जा सकता। (Gurdwara Data Bandi Chor Sahib – Gwalior)

Gurdwara Data Bandi Chor Sahib – Gwalior

Gurdwara Data Bandi Chor Sahib – वीरता और मुक्ति की कथा

गुरु हरगोबिंद साहिब जी को ‘दाता बन्दी छोड़’ इसलिए कहा जाता है क्योंकि उन्होंने अपनी खुद की रिहाई से पहले ग्वालियर किले में बंद 52 राजाओं को आज़ाद करवाया था। उनके बड़े दिल, दया और समझदारी ने उन्हें “कैदियों का दाता” बना दिया। यह कहानी सिर्फ इतिहास नहीं, बल्कि इंसानियत और करुणा की ऐसी मिसाल है जिसे जानकर आज भी हर कोई प्रभावित हो जाता है। 1606 में अपने पिता गुरु अर्जन देव जी की शहादत के बाद वे बहुत छोटी उम्र में गुरु बने और उन्होंने ‘मीरी-पीरी’ यानी धर्म और शक्ति दोनों को साथ लेकर चलने की परंपरा शुरू की। उनकी बढ़ती लोकप्रियता से डरकर मुगल बादशाह जहाँगीर ने उन्हें ग्वालियर किले में कैद कर दिया, और गुरु जी ने इसे ईश्वर की परीक्षा मानकर शांति से स्वीकार कर लिया। गुरु जी कई सालों तक इसी किले में रहे| पर एक रोज जब जहांगीर की तबियत बहुत ज्यादा खराब हो गई और वह मानसिक रूप से भी परेशान रहने लगा, तो उसे इस हालत में देखकर उसकी पत्नी नूरजहां बहुत दुखी होने लगी। और तभी उसने एक फकीर से इसके पीछे का कारण पूछा। फकीर ने बताया कि जहांगीर ने सिखों के धर्मगुरु गुरु हरगोविंद जी को कैद कर रखा है, और अगर उन्हें जल्द रिहा नहीं किया गया तो बादशाह के पूरे कुल पर संकट आ सकता है। यह सुनकर नूरजहां डर गई और उसने सारी बात जाकर जहांगीर को बताई। जैसे ही जहांगीर को यह बात पता चली, उसने तुरंत गुरु हरगोविंद जी को रिहा करने का आदेश दे दिया। लेकिन जब यह संदेश गुरु जी तक पहुँचा, तो उन्होंने अकेले बाहर आने से साफ़ मना कर दिया।

उन्होंने कहा—”मेरे साथ जो 52 राजा कैद हैं, अगर उन्हें आज़ाद किया जाए तभी मैं बाहर जाऊंगा।” जहांगीर ने गुरु की बात तो मान ली पर एक शर्त रख दी कि गुरु जी के साथ वही राजा बाहर जा सकेंगे, जो गुरु जी की चोला (पोशाक) के किसी एक छोर को पकड़ेंगे।

यह सुनकर गुरु जी ने 52 छोरों वाला एक खास चोला बनवाया। हर एक राजा ने एक छोर पकड़ा और इस तरह सभी 52 राजा गुरु जी के साथ जेल से बाहर निकल आए। यह घटना इस बात की मिसाल है कि कभी-कभी आज़ादी तलवार से नहीं, बल्कि बुद्धि, करुणा और सही सोच से मिलती है।

Gurdwara Data Bandi Chor Sahib - Gwalior

Gurdwara Data Bandi Chor Sahib : एक पवित्र विरासत

गुरुद्वारा दाता बन्दी छोड़ साहिब ग्वालियर किले की ऊँचाई पर बना ऐसा स्थान है, जहाँ पहुँचते ही मन खुद-ब-खुद शांत हो जाता है। पहले यह जगह सिर्फ एक साधारण संगमरमर का चबूतरा थी, लेकिन 1970–80 के दशक में इसे आज जैसा सुंदर गुरुद्वारा परिसर बनाया गया। चमकता हुआ सफेद संगमरमर, बड़ा सा शांत हॉल, भव्य दरबार साहिब और हवा में लगातार गूँजता कीर्तन—सब मिलकर इस जगह को बेहद खास बना देते हैं। ऊपर से पूरे ग्वालियर शहर का शानदार नज़ारा भी दिखाई देता है। किले की भीड़भाड़ से निकलकर जैसे ही आप गुरुद्वारे में कदम रखते हैं, तो ऐसा लगता है कि एकदम से माहौल बदल गया हवा भी धीमी हो जाती है और मन को एक अनोखी शांति महसूस होती है।

बन्दी छोड़ दिवस- रोशनी और आज़ादी का त्योहार

जब गुरु हरगोबिंद जी अमृतसर लौटे, तो लोगों ने दीयों से पूरा शहर सजा दिया और उनका ज़ोरदार स्वागत किया। तभी से इस दिन को “बन्दी छोड़ दिवस” कहा जाने लगा, जो ज़्यादातर दिवाली के दिन ही मनाया जाता है। ग्वालियर किले से जब हजारों दीये जलते दिखाई देते हैं और गुरुद्वारे में “सत नाम श्री वाहेगुरु” की आवाज गूंजती है, तो मन अपने आप ही हल्का हो जाता है जैसे अंदर की कोई पुरानी गाँठ खुल गई हो

Gurdwara Data Bandi Chor Sahib - Gwalior

यात्रा गाइड: कैसे पहुँचें?

  • किला सुबह 5 बजे से रात 9 बजे तक खुला रहता है।
  • हवाई जहाज़ से आएँ तो ग्वालियर एयरपोर्ट से किले तक कैब में सिर्फ 20–25 मिनट लगते हैं।
  • ट्रेन से आएँ तो ग्वालियर जंक्शन से किले का रास्ता 15–20 मिनट में मिल जाता है।
  • सड़क मार्ग भी काफी बढ़िया है—दिल्ली, आगरा, झाँसी और भोपाल से सीधी और अच्छी सड़कें मिलती हैं।
  • रोड ट्रिप प्लान कर रहे हों तो ये जगह एकदम परफेक्ट है।

By Five Colors Of Travel

Five Colors of Travel भारत का एक भरोसेमंद Hindi Travel Blog है जहां आप ऑफबीट डेस्टिनेशन, culture, food, lifestyle और travel tips की authentic जानकारी पढ़ते हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *