Kerala Tourism: केरल के पठानमथिट्टा जिले की घने जंगलों और पश्चिमी घाट की पहाड़ियों में बसा सबरीमाला मंदिर सिर्फ एक तीर्थ नहीं आत्म-शुद्धि और अनुशासन की अनोखी परंपरा का प्रतीक कहा जा सकता है। घने जंगलों, पहाड़ी रास्तों और प्राकृतिक सुंदरता के बीच स्थित यह मंदिर भगवान अयप्पा को समर्पित है जिन्हें हरि हर पुत्र भी कहा जाता है। यहां पहुंचने के लिए भक्तों को कठिन तपस्या और पवित्र नियमों का पालन करना पड़ता है, जो इस यात्रा की आध्यात्मिकता को और गहरा बनाता है। नवंबर से जनवरी की मकरविलक्कु सीजन में लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं और इस दौरान वातावरण में भक्ति, अनुशासन और स्वामीये शरणम अयप्पा की गूंज ऐसी होती है कि दिल अपने आप श्रद्धा से भर उठता है।

सबरीमाला की यात्रा की सबसे खास बात है 41 दिन की तपस्या जिसे व्रतम कहा जाता है। इस दौरान श्रद्धालुओं को पवित्रता, ब्रह्मचर्य, सात्विक भोजन, सरल वस्त्र अक्सर काले या नीले रंग की धोती—और आत्म-विनय का पालन करना पड़ता है। यात्रा पंबा नदी से शुरू होती है, जहां भक्त शुद्धि स्नान करते हैं और फिर लगभग 5 किलोमीटर लंबा पहाड़ी रास्ता चढ़कर अंजनेयपथ से होते हुए सबरीमाला मंदिर तक पहुंचते हैं। माना जाता है कि यह चढ़ाई सिर्फ एक सफ़र नहीं अंदर बैठी कमजोरियों, गुस्से, और अहंकार को पीछे छोड़ने का मार्ग है। रास्ते में मिलती जंगल की हरियाली, ठंडी हवा और साथ चलने वाले हजारों भक्तों की आवाज़ इस यात्रा को बेहद भावुक और ऊर्जावान बना देती है।

मंदिर में प्रवेश के बाद 18 पवित्र सीढ़ियां सबसे बड़ा आकर्षण हैं, जिन्हें चढ़ना हर भक्त का सपना होता है। कहा जाता है कि ये 18 सीढ़ियां जीवन के अठारह मूल गुणों और कामनाओं का प्रतीक हैं, जिन्हें त्यागकर ही मोक्ष का मार्ग खुलता है। मंदिर की अनोखी परंपरा, पवित्र गरुड़नाद, शाम की दीवाली जैसी जगमगाहट और पहाड़ी की चोटी से दिखने वाला दृश्य इतनी खूबसूरत याद छोड़ जाता है कि लोग बार-बार यहां लौटने की इच्छा रखते हैं। मकर ज्योति के दर्शन का अनुभव लाखों भक्तों के लिए जीवन का सबसे महत्वपूर्ण क्षण माना जाता है और यही वजह है कि हर साल यहां भीड़ का आंकड़ा रिकॉर्ड तोड़ स्तर तक पहुंच जाता है।(मंदिर में प्रवेश के बाद 18 पवित्र सीढ़ियां सबसे बड़ा आकर्षण हैं)

अगर आप सबरीमाला यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो सबसे पहले ऑनलाइन वर्चुअल क्यू सिस्टम में स्लॉट बुक करना जरूरी है क्योंकि भीड़ नियंत्रण के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है। नजदीकी हवाईअड्डा कोच्चि इंटरनेशनल एयरपोर्ट, और नजदीकी रेलवे स्टेशन चेंगन्नूर, कोट्टायम और त्रिवेंद्रम हैं। यहां का मौसम ठंडा और नमी से भरा होता है इसलिए हल्के गर्म कपड़े और आरामदायक जूते जरूरी हैं। यहां प्लास्टिक पूरी तरह प्रतिबंधित है, इसलिए पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। यह यात्रा सिर्फ शरीर की थकान या पैरों की मजबूती से नहीं जीतती दिल और आत्मा की श्रद्धा से पूरी होती है एक ऐसी भावना जो लौटने पर भी लंबे समय तक मन में रहती है।
