मानसून कोई आम मौसम नहीं है, यह एक ठहराव है, एक कविता जैसा एहसास है, एक ऐसा मौन संगीत है जो जीवन की हलचल में अचानक शांति ले आता है। ऐसे में, अगर आपके पास एक छत या एक खिड़की और गरम चाय का कप हो, तो बारिश का मज़ा दोगुना हो जाता है। लेकिन अगर आप इस अनुभव को और गहराई से जीना चाहते हैं तो आपको हरियाली से ढकी वादियों, झरनों की ठंडक और धुंध से लिपटी पहाड़ियों के बीच किसी डेस्टिनेशन स्थल पर घूम आना चाहिए। भारत में कुछ ऐसी जगहें हैं, जो मानसून में और जादूई एहसास देती हैं।
मानसून में ये सभी डेस्टिनेशन हमें यह याद दिलाते हैं कि प्रकृति जब अपने चरम पर होती है, तो इंसानी व्यस्तता की दौड़ कुछ पल को रुक जाती है। बारिश और बारिश में एक सफ़र, जब साथ मिलते हैं, तो यात्रा केवल बाहरी रास्तों की नहीं, भीतर मन की भी होती है। Best monsoon travel destinations in India
तो चलिए, आपको ले चलते हैं भारत के 10 सबसे सुंदर मानसून डेस्टिनेशन स्थल की ओर, जहाँ सिर्फ बारिश की बूंदे बरसती नहीं हैं, रुकती है, महसूस की जाती हैं, और हमेशा के लिए जैसे यादों में बस जाती है।
1. मेघालय- ये डेस्टिनेशन स्थल बादलों के घर सा लगता है

यहाँ की बारिश सिर्फ मौसम का ही नहीं, संस्कृति का हिस्सा है। चेरापूंजी और मासिनराम जैसे स्थल दुनिया में सबसे ज़्यादा वर्षा वाले क्षेत्रों में गिने जाते हैं। लिविंग रूट ब्रिज और डावकी की कांच जैसी नदी इस मौसम में और भी चमकने लगती हैं।
2. मुन्नार, केरल- यहाँ देखो चाय बागानों की हरियाली
मुन्नार तो मानसून में जैसे हरा समुद्र बन जाता है। ढलानों पर फैले चाय बागान, बादलों में लिपटे पहाड़ और शांत झरने इस जगह को जादुई बना देते हैं। यहाँ की सड़कों पर बारिश के बीच ड्राइव अपने आप में एक सुकून देने वाला एहसास होता है।
3. कूर्ग, कर्नाटक- कॉफी और कुहासे की वादियाँ

बारिश में कूर्ग की पहाड़ियाँ कोहरे से ऐसे ढ़क जाती हैं जैसे मानो कोहरा ओढ़ लिया हो। कॉफी के बागान भी भीगे हुए होते हैं और ऐसा लगता है कि वॉटरफॉल्स अपनी पूरी ताकत से बह रहे हों। बारिश के इस मौसम में यह मानसून रिट्रीट तो जरूर बनती है।
4. महाबलेश्वर, महाराष्ट्र – घाटियों में गिरती बूंदे
स्ट्रॉबेरी (Strawberry ) के लिए प्रसिद्ध महाबलेश्वर मानसून में कुछ अलग ही नजर आता है। प्रतापगढ़ किले से लेकर एलिफंट पॉइंट (Elephant point) तक हर जगह बादलों से ढकी होती है। यहाँ की वादियाँ बारिश में एक संगीत सा सुनाती हैं।
5. लोनावला और खंडाला – मुंबई के मानसून एस्केप
सुन,.. सुना! आती क्या खंडाला?
ये गाना तो आपने जरूर ही सुना होगा। लेकिन आपको बात दें की मॉनसून में खंडाला जाना वाक़ई मजेदार होता है।
इन दोनों हिल स्टेशनों की खूबसूरती बारिश में कई गुना बढ़ जाती है। टाइगर पॉइंट, भुशी डैम और राजमाची किला जैसे स्थान ट्रेकिंग के लिए बहुत बढ़िया माने जाते हैं। पास की दूरी और हरियाली इन्हें मानसून वीकेंड ट्रिप का बेस्ट ऑप्शन बनाती है।
6. फूलों की घाटी, उत्तराखंड- जहाँ आसमान हैं कैनवास और प्रकृति है पेंटिंग

जुलाई और अगस्त में खुलने वाली यह घाटी मानसून के समय अपने चरम पर होती है। यहाँ हजारों किस्म के फूल खिलते हैं, रास्ते पर हर अगला कदम कुछ रंग-बिरंगा दिखाता है। यह जगह प्रकृति प्रेमियों और फोटोग्राफरों के लिए एक बढ़िया स्पॉट है।
7. उदयपुर, राजस्थान- झीलों पर बरसती बूंदें
मानसून में उदयपुर जैसा राजसी स्थान और भी खूबसूरत लगता है। पिछोला झील, फतेह सागर और सिटी पैलेस जैसे स्थल बारिश में धुलकर चमकने लगते हैं। शाही वास्तुकला और झीलों का ये मनोरम संगम इस मौसम में और भी मनमोहक बना देता है।
8. अल्लेप्पी, केरल- जिस डेस्टिनेशन स्थल पर बारिश में बहती हैं हाउसबोट्स

केरल के बैकवॉटर में मानसून का अपना अलग जादू है। बारिश की बूँदें हाउसबोट्स की छतों पर गिरती हैं, और झीलों का पानी और शांत हो जाता है। इस समय पर ये जगह बेहद शांत मालूम होती है।
9. शिलांग, मेघालय- जहाँ बारिश में गूंजता है एक शांत संगीत
शिलांग की गलियाँ, पाइन के जंगल और ऐलिफंट फॉल्स बारिश में जीवंत हो उठते हैं। इस जगह को ‘भारत का स्कॉटलैंड‘ भी कहा जाता है, और मानसून में तो यह नाम पूरी तरह सार्थक लगने लगता है।
10. दार्जिलिंग, पश्चिम बंगाल – कुहासे में डूबी ये चाय की घाटी
मानसून में दार्जिलिंग एक धुंधली सतह बन जाता है। टॉय ट्रेन की सीटी, गरम चाय की खुशबू और टाइगर हिल के बादलों में छिपा सूर्योदय, जब यह सब मिल जाते हैं तो वाक़ई देखने लायक अनुभव रचते हैं।
डेस्टिनेशन स्थल का मज़ा ही अलग है
उत्तर में मेघालय की वादियाँ जैसे चेरापूंजी और मावसिनराम, जहाँ बारिश की हर बूँद आपको जीवन के रंग दिखाती है। वहीं केरल का मुन्नार और अलेप्पी, मानसून में आयुर्वेद और बैकवॉटर क्रूज़ का बढ़िया कॉम्बो लगता है। दक्षिण का कूर्ग, कॉफी की भीनी महक और बरसते झरनों से एक मनोहर दृश्य दिखाता है, तो पश्चिम में महाबलेश्वर और लोनावला जैसे हिल स्टेशन ट्रेकिंग और वॉटरफॉल्स के शौकीनों को जैसे अपनी तरफ बुलाते हैं।

उत्तराखंड की फूलों की घाटी तो जैसे बारिश में एक सुंदर कविता जैसी लगती है। जहाँ पग-पग फूलों की चादर है। राजस्थान का उदयपुर, जो आमतौर पर गर्म और सूखा रहता है, बारिश में भीगकर झीलों का आईना बन जाता है। और अगर चाय की चुस्कियों के बीच बादलों से बतियाना हो, तो दार्जिलिंग से बेहतर जगह भला कहाँ मिलेगी?
बारिश में यात्रा करना आसान नहीं होता, सड़कें फिसलन भरी होती हैं, योजनाएं बदल सकती हैं, और कभी-कभी प्रकृति भी अपनी ही चाल चलने लगती है। लेकिन अगर आप इस अनिश्चित हलचल को अपनाना सीख लें, तो मानसून का हर सफर आपको भीतर तक बदल देता है।
ये स्थान सिर्फ पर्यटन स्थल नहीं हैं, ये मानसून में जीवन को और प्यारे रंग देने वाली जगहें हैं।

Five Colors of Travel भारत का एक भरोसेमंद Hindi Travel Blog है जहां आप ऑफबीट डेस्टिनेशन, culture, food, lifestyle और travel tips की authentic जानकारी पढ़ते हैं









