शिलांग, मेघालय की ठंडी हवाओं और बादलों से घिरी पहाड़ियों में हर साल एक ऐसा त्यौहार मनाया जाता है जो सिर्फ नृत्य और धूमधाम का प्रतीक नहीं, बल्कि एक पूरी परंपरा, एक आस्था और एक सांस्कृतिक धरोहर को जीवित रखता है। इस पर्व का नाम है का-पोम्बलांग नोंगक्रेम उत्सव, जिसे स्थानीय भाषा में नोंगक्रेम डांस फेस्टिवल भी कहा जाता है। यह खास उत्सव हर साल नवंबर महीने में मनाया जाता है और मेघालय के खासी समुदाय की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। का-पोम्बलांग नोंगक्रेम उत्सव मूल रूप से देवी काइ ब्लाइ सिनसार, यानी प्रकृति और समृद्धि की देवी को धन्यवाद देने का पर्व है। खासी परंपरा के अनुसार, देवी के आशीर्वाद से ही भूमि उपजाऊ होती है, पशुओं का संरक्षण होता है और समुदाय में खुशहाली बनी रहती है। इसलिए यह त्यौहार सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि एक गहरी श्रद्धा का प्रदर्शन भी है, जिसे फलकान और स्थानीय खासी लोग मिलकर बड़े सम्मान और अनुशासन के साथ मनाते हैं।

इस उत्सव की मुख्य पहचान है यहां होने वाला पारंपरिक नृत्य। युवतियां अपने पारंपरिक लाल, पीले और सफेद परिधानों में सजकर नंगे पांव नृत्य करती हैं। उनके संग युवा पुरुष रंगीन पोशाक, तीर-धनुष और तलवारों के साथ ताल मिलाते हैं। यह नृत्य किसी मंच पर नहीं, बल्कि खुले आंगन में, प्रकृति की छांव में होता है, जो इसे और भी आध्यात्मिक बना देता है। ढोल और पाइप जैसे पारंपरिक वाद्य इन नृत्यों को एक अलग ऊर्जा देते हैं। नृत्य में किसी तरह की प्रतियोगिता या दिखावा नहीं होता, बल्कि यह प्रकृति, समुदाय और परंपरा के बीच सामंजस्य का प्रतीक माना जाता है। का-पोम्बलांग नोंगक्रेम त्यौहार की एक खास खूबी यह भी है कि इसमें हर एक्टिविटीज की एक धार्मिक संरचना होती है। पुजारी और राजघराने के सदस्य देवी को बलि और प्रसाद चढ़ाकर समृद्धि की प्रार्थना करते हैं। पूरा वातावरण आध्यात्मिकता और अनुशासन से भरा होता है। फोटोग्राफी और मोबाइल से शूटिंग पर भी कई बार रोक रहती है, ताकि परंपराओं की पवित्रता बनी रहे।

यह त्यौहार पांच दिनों तक चलता है और शिलांग के आसपास के इलाकों में रौनक बढ़ा देता है। इस दौरान लोग पारंपरिक भोजन, स्थानीय बाज़ारों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने के लिए दूर-दूर से यहां आते हैं। स्थानीय लोग इसे अपनी पहचान बताते हैं और गर्व से कहते हैं कि यह उत्सव उन्हें उनके अतीत, संस्कृति और देवी की आस्था से जोड़ता है। अगर आप मेघालय की असली संस्कृति को करीब से महसूस करना चाहते हैं, तो नवंबर का महीना आपके लिए सबसे बेहतरीन है। का-पोम्बलांग नोंगक्रेम उत्सव न सिर्फ एक त्यौहार है, बल्कि प्रकृति और परंपरा का ऐसा मिलन है, जिसे देखकर मन अपने-आप ही झूम उठता है। यहां की वेशभूषा, नृत्य, रंग, आध्यात्मिकता और स्थानीय लोगों की मुस्कुराहट सब मिलकर इस पर्व को अविस्मरणीय बनाते हैं। यह उत्सव हमें याद दिलाता है कि संस्कृति तभी जीवित रहती है जब उसे सम्मान, अनुशासन और दिल से निभाया जाए। खासी समुदाय अपनी परंपरा को जिस प्रेम और गर्व से आगे बढ़ाता है, वह पूरे भारत के लिए प्रेरणादायक है।(फोटोग्राफी और मोबाइल से शूटिंग पर भी कई बार रोक रहती है, ताकि परंपराओं की पवित्रता बनी रहे।)
