अब तीन हज़ार रुपए में हेलीकाप्टर से लीजिये अयोध्या और सरयू नदी का नज़ारा
अयोध्या घूमने वाले पर्यटकों के लिए यूपी टूरिज्म ने हवाई सेवा शुरू की है। जिसके तहत अब रामलला के दर्शन पाने के लिए श्रद्धालु हेलीकॉप्टर की सेवा ले सकेंगे। अब अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर से अयोध्या सिटी और सरयू नदी के दर्शन करने का मौका मिलेगा।आपको बता दें सर्कार की नई पालिसी के तहत भगवान राम की नगरी अयोध्या में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इस हवाई सर्विस को रामनवमी के दिन से शुरू किया गया है। यह सेवा उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड एवं हेरिटेज एविएशन द्वारा शुरू की गई है। अयोध्या में बेहतर कनेक्टिविटी और अयोध्या को पर्यटन से जोड़ने के लिए यूपी सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं शुरू की गई हैं।

सात से आठ मिनट की उड़ान में अयोध्या शहर और सरयू का एरियल व्यू
बता दें की इस सर्विस की शुरुआत अयोध्या के सरयू गेस्ट हाउस से की गई है, जिसमें पर्यटकों को सात से आठ मिनट की उड़ान में अयोध्या शहर और सरयू का एरियल व्यू देखने को मिलेगा। हेलीकॉप्टर से यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को मंदिर निर्माण के कार्य का दृश्य भी देखने को मिलेगा।

हवाई सेवा का किराया
अयोध्या के इस स्पेशल हवाई दर्शन के लिए प्रत्येक सवारी को तीन हजार रुपये खर्च करने पड़ेंगे। प्रशासन के अनुसार फिलहाल यह सेवा दो सप्ताह के लिए है, जिसे बाद में बढ़ाया जाएगा और लोगों की संख्या के हिसाब से हेलीकॉप्टर की सवारी की संख्या बढ़ती जाएगी।