Best Hindi Travel Blog -Five Colors of Travel

ट्रैवल अलर्ट 2026 में इन देशों में घूमने का प्लान बनाने से बचें!

साल 2026 में दुनिया के हालात तेजी से बदल रहे हैं। कहीं गृहयुद्ध चल रहा है, कहीं राजनीतिक अस्थिरता है, तो कहीं आतंकवादी गतिविधियां बढ़ गई हैं। ऐसे में विदेश घूमने का प्लान बनाते समय सिर्फ बजट या जगह की खूबसूरती नहीं, बल्कि सबसे पहले सुरक्षा को देखना जरूरी है। कुछ देश ऐसे हैं जहां हालात इतने खराब हैं कि वहां जाना खतरे से खाली नहीं है। इसलिए इस साल अगर आप इंटरनेशनल ट्रैवल का सोच रहे हैं, तो नीचे दिए गए देशों के बारे में जरूर जान लें।

बेहद खतरनाक क्षेत्र

इन देशों में अभी हालात काफी खराब चल रहे हैं। कहीं लड़ाई-झगड़ा हो रहा है, कहीं गोलीबारी और हिंसा का माहौल है। वहां लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी भी ठीक से नहीं चल पा रही, क्योंकि कभी भी कुछ भी हो सकता है। ऐसे में अगर कोई पर्यटक वहां घूमने जाए, तो उसकी सुरक्षा की कोई पक्की गारंटी नहीं होती। मतलब साफ है कि वहां जाना इस समय बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं है और जान-माल का खतरा बना रह सकता है। आईए जानते हैं कौन-कौन सी वह देश है जहां में जान का खतरा हो सकता है।

अफगानिस्तान

अफगानिस्तान में तालिबान शासन के बाद से हालात बहुत ज्यादा सख्त और अनिश्चित हो गए हैं। यहां नागरिक स्वतंत्रताएं सीमित हैं और कई इलाकों में अचानक हमले होने का खतरा बना रहता है। विदेशी नागरिकों के लिए यह जगह और भी ज्यादा जोखिमभरी है क्योंकि यहां अपहरण, गिरफ्तारी और निगरानी जैसी घटनाओं का डर रहता है। इसलिए अगर आप घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो अफगानिस्तान को 2026 में अपनी लिस्ट से दूर ही रखें।

सूडान

सूडान में सेना और अर्धसैनिक बलों के बीच भयानक गृहयुद्ध चल रहा है, जिससे देश का बुनियादी ढांचा बुरी तरह टूट चुका है। कई जगहों पर अस्पताल, सड़कें, बिजली-पानी जैसी सुविधाएं तक प्रभावित हो गई हैं और सुरक्षा व्यवस्था लगभग खत्म हो चुकी है। ऐसे हालात में वहां जाना बेहद खतरनाक हो सकता है क्योंकि किसी भी समय हिंसा बढ़ सकती है और आम लोगों के साथ पर्यटक भी फंस सकते हैं।

यमन

यमन कई सालों से संघर्ष, विद्रोह और मानवीय संकट से जूझ रहा है, जिस कारण यह दुनिया के सबसे असुरक्षित देशों में गिना जाता है। यहां विद्रोही गतिविधियां और क्षेत्रीय तनाव लगातार बने हुए हैं, जिससे यात्रा करना जोखिम भरा हो जाता है। कई इलाकों में सड़क और हवाई यात्रा दोनों ही सुरक्षित नहीं मानी जातीं और पर्यटकों के लिए खतरा और ज्यादा बढ़ जाता है, इसलिए इस देश में घूमने का प्लान बनाना फिलहाल ठीक नहीं है।

डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो

डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो के कुछ हिस्सों में हिंसा, विद्रोही गतिविधियां और सुरक्षा बलों के साथ टकराव की स्थिति बनी रहती है। यहां कई जगहों पर कानून-व्यवस्था कमजोर है, जिसके कारण लूटपाट, हिंसा और अपहरण जैसी घटनाएं सामने आती रहती हैं। अगर आप अफ्रीका यात्रा का सोच रहे हैं तो इस देश को अभी टाल देना ही बेहतर रहेगा, क्योंकि यहां सुरक्षा जोखिम बहुत ज्यादा है।

वेनेजुएला

वेनेजुएला में 2026 के दौरान राजनीतिक तनाव काफी बढ़ा हुआ है और हालात कई बार अचानक बिगड़ जाते हैं। यहां आंतरिक अस्थिरता के कारण हिंसक अपराध, अपहरण और विदेशी नागरिकों को गलत तरीके से हिरासत में लेने जैसी घटनाएं बढ़ी हैं। इसलिए अगर आप विदेश यात्रा का प्लान कर रहे हैं, तो वेनेजुएला को इस समय टालना ज्यादा सुरक्षित रहेगा।

हैती

हैती में हालात बहुत खराब हो चुके हैं क्योंकि यहां कई इलाकों में गिरोहों का नियंत्रण बढ़ गया है और कानून-व्यवस्था लगभग टूट चुकी है। राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में हिंसा, लूटपाट और असुरक्षा का माहौल बना रहता है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में वहां घूमने जाना समझदारी नहीं होगी।

म्यांमार और पाकिस्तान

म्यांमार में सैन्य तख्तापलट के बाद से हालात लगातार बिगड़े हैं और कई जगहों पर गृहयुद्ध जैसी स्थिति बनी हुई है, जिससे वहां यात्रा करना जोखिमभरा हो जाता है। वहीं पाकिस्तान में राजनीतिक अस्थिरता के साथ सीमावर्ती इलाकों में आतंकवादी गतिविधियां बढ़ने के कारण सुरक्षा जोखिम बढ़ गया है, इसलिए इन दोनों देशों में जाने से पहले बहुत सावधानी बरतना जरूरी है और गैर-जरूरी यात्रा से बचना बेहतर है।

रूस और बेलारूस

रूस और बेलारूस में यूक्रेन युद्ध के कारण माहौल काफी संवेदनशील है और कई कड़े नियम लागू हैं। यहां विदेशी पर्यटकों के लिए परेशानी यह है कि स्थानीय कानून बहुत सख्त हैं और कई बार विदेशी नागरिकों को मनमाने ढंग से हिरासत में लेने या जासूसी जैसे आरोपों में फंसाने का खतरा बताया जाता है। ऐसे में 2026 में इन देशों की यात्रा करने से पहले सुरक्षा स्थिति को अच्छी तरह जांचना जरूरी है।

ईरान और लेबनान

ईरान और लेबनान में क्षेत्रीय तनाव बढ़ता जा रहा है और कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन और राजनीतिक अस्थिरता भी देखी जा रही है। इजरायल से जुड़े तनाव के कारण भी हालात और ज्यादा बिगड़ने की संभावना बनी रहती है। ऐसे में इन देशों में यात्रा करना जोखिमभरा हो सकता है, इसलिए यहां जाने से पहले पूरी तरह जांच-पड़ताल करना जरूरी है।

यात्रा से पहले जरूरी सलाह

किसी भी देश में घूमने का प्लान बनाने से पहले भारत सरकार के विदेश मंत्रालय की ताजा यात्रा सलाह जरूर देखें, क्योंकि कई बार हालात अचानक बदल जाते हैं। सुरक्षा से जुड़ी जानकारी लेकर ही ट्रैवल करना समझदारी है, ताकि आपकी यात्रा मजेदार भी रहे और सुरक्षित भी

लम्बे सफर पर चलते-चलते बीच राह किसी ढ़ाबे पर कड़क चाय पीने की तलब हमेशा मुझे ज़िंदा बनाये रखती
है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *