Best Hindi Travel Blog -Five Colors of Travel

Categories
Bazar Culture Destination Lifestyle Travel Uttar Pradesh

फिरोज़ाबाद: चूड़ियों का शहर, जहां चूड़ियां बनते देखना अपने आप में खास है!

फिरोज़ाबाद उत्तर प्रदेश का एक ऐसा शहर, जिसकी पहचान दुनिया में City of Bangles यानि चूड़ियों का शहर के रूप में मशहूर है। आप कई बार कई तरह के कंगन और चूड़ियां पहनती हैं और आपको पता भी नहीं होता है। तो आज जान लो क्या पता आपके हाथ फिरोजाबाद की चूड़ियां से सुशोभित हों। यहां की गलियों में हर वक्त कांच गलने की गर्माहट, भट्टियों की आवाज़ और रंग-बिरंगे कांच के टुकड़ों से बनती यह चमकदार चूड़ियां। भारत के हर कोने में, चाहे शादी-ब्याह हो, तीज-त्योहार या कोई शुभ रस्म चूड़ियां हर स्त्री का शृंगार हैं। और इन चूड़ियों की रूह अगर कहीं बसती है, तो वह है फिरोज़ाबाद। यहां आकर इंसान सिर्फ चूड़ियां नहीं खरीदता, एक पूरी संस्कृति, मेहनत और जुनून को अपनी मुट्ठी में समेटकर ले जाता है। आज इस पेशकश में हम जानेंगे कि फिरोज़ाबाद में ऐसा क्या है? जो इसे बेहद खास बनाता है और यहां आने वाले हर यात्री का अनुभव यादगार क्यों होता है।

फिरोज़ाबाद

What to Expect क्या उम्मीद रखें?

फिरोज़ाबाद की सबसे बड़ी खूबसूरती है यहां की ज़िंदादिली और कारीगरी की। शहर में कदम रखते ही आपको कांच के बड़ी-बड़ी फैक्ट्रियां, गलियों में काम करते कारीगर, भट्टियों की लगातार चमकती आग और ताज़ा तैयार चूड़ियों की महक महसूस होने लगती है। यहां का हर घर, हर सड़क और हर मोहल्ला कांच के उद्योग से जुड़ा हुआ है। छोटे-बड़े दुकानों में बारीक डिजाइन वाली लाखों चूड़ियां सजी होती हैं कभी लाल, कभी हरी, कभी सुनहरी, तो कभी मोती और ज़री से जड़ी हुई भारी-भरकम शादी वाली चूड़ियां। यहां आप लाख चूड़ियां, कांच की चूड़ियां, मशीन कट चूड़ियां, रंगीन पैटर्न वाली आधुनिक चूड़ियां जैसी अनगिनत वैरायटी देख सकते हैं। कई जगहों पर आप live production भी देख सकते हैं कांच को पिघलाकर पतली नली में ढालना, उसे मोड़ना, काटना और डिजाइन बनाना यह कला देखकर हर कोई मंत्रमुग्ध हो जाता है।

फिरोज़ाबाद

चूड़ी बनाने की परंपरा

फिरोज़ाबाद का कांच उद्योग लगभग 300 साल पुराना माना जाता है और आज यहां हजारों कारीगर रोज़ाना हाथों की जादूगरी से चूड़ियां गढ़ते बनाते हैं। एक चूड़ी बनने में कितने हाथ लगते हैं, यह जानकर आप चौंक जाएंगे कभी भट्ठी का काम, कभी काटने का, कभी पॉलिश, कभी चमक की कोटिंग, कभी सजावट और अंत में पैकिंग! एक चूड़ी, बनाने की शुरुआत से लेकर अंतिम तैयारी तक 10–12 अलग-अलग प्रक्रियाओं से गुजरती है। कई परिवार पीढ़ियों से इसी काम में लगे हैं और उनका कहना है ये सिर्फ काम नहीं, हमारी पहचान है! फिरोज़ाबाद की चूड़ियों ने लाखों लोगों को रोज़गार दिया है और दुनिया भर में भारतीय शिल्पकला का नाम रोशन किया है। आज भी यहां के कारीगर अपने हुनर से ऐसी-ऐसी डिजाइन तैयार करते हैं कि बड़ी-बड़ी कंपनियां भी उनकी कला की बराबरी नहीं कर पातीं। यही वजह है कि फिरोज़ाबाद सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि एथनिक इंडियन आर्ट का जीवंत संग्रहालय है

फिरोज़ाबाद

फिरोज़ाबाद की रौनक बाज़ार, खाना और संस्कृति

फिरोज़ाबाद का सबसे व्यस्त बाज़ार है सुहागन बाज़ार, जहां रंग-बिरंगी चूड़ियों की ऐसी दुनिया है कि आँखें ठहर जाती हैं। दुकानों में चमकते कांच की खनक, ग्राहकों की चहलकदमी और कारीगरों की आवाज़ से एक रोमांचक दृश्य बनता है। यहां bargaining का मज़ा भी अलग है थोड़ी मुस्कान, थोड़ा इंतज़ार, और आपकी पसंद का सेट बेहद कम दाम में मिल जाता है। चूड़ियों के अलावा यहां कांच की सजावटी वस्तुएं, शोपीस, ग्लास सेट, कैंडल होल्डर और क्रिस्टल क्राफ्ट भी खूब मिलते हैं। खाने की बात करें तो फिरोज़ाबाद अपने बेडमी-पूरी, आलू की सब्जी, जलेबी, और देसी चाट के लिए खूब प्रसिद्ध है। लोकल मिठाई पेठा भी जरूर चखें, जो आगरा के स्वाद के बराबरी करता मिला जुला स्वाद देता है। रात के समय रोशनी में चमकता पूरा बाज़ार ऐसा लगता है जैसे किसी चूड़ी की चमक में शहर सिमट आया हो।

फिरोज़ाबाद

आसपास घूमने की जगहें

फिरोज़ाबाद में घूमने के लिए कई छोटे-बड़े आकर्षण मौजूद हैं। श्री जगन्नाथ मंदिर, मोमबत्ती फैक्ट्री टूर, गुड़िया घर संग्रहालय, श्री हनुमान मंदिर, स्थानीय ग्लास फैक्ट्रियां सब कुछ देखने लायक है। कई फैक्ट्रियां visitors को production process दिखाती हैं, जहां कैमरा अक्सर allowed होता है, जिससे ट्रैवलर्स के लिए learning experience दोगुना हो जाता है। अगर आप परिवार या बच्चों के साथ हैं, तो कांच के शोपीस खरीदना न भूलें क्योंकि उनकी खूबसूरती घर सजाने में अलग ही charm लेकर आती है। इसके अलावा, फिरोज़ाबाद आगरा के बेहद करीब है, इसलिए ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी भी वन-डे ट्रिप में आसानी से कवर किए जा सकते हैं। यानि फिरोज़ाबाद आकर आप चूड़ियों की दुनिया के साथ साथ ऐतिहासिक धरोहरों का भी आनंद ले सकते हैं।(यही वजह है कि फिरोज़ाबाद सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि एथनिक इंडियन आर्ट का जीवंत संग्रहालय है)

फिरोज़ाबाद

कैसे पहुँचे? How to Reach

हवाई मार्ग: नज़दीकी एयरपोर्ट आगरा एयरपोर्ट 50 KM है, जहां से टैक्सी और बसें मिलती हैं।

रेलवे मार्ग: फिरोज़ाबाद रेलवे स्टेशन कई बड़े शहरों से जुड़ा हुआ है दिल्ली, कानपुर, लखनऊ, आगरा, इलाहाबाद आदि।

सड़क मार्ग: NH-19 पर स्थित, दिल्ली से लगभग 250 KM, आगरा से 45 KM और कानपुर से 220 KM की दूरी पर है। बसें, कैब और अपनी कार सभी विकल्प एकदम आसान!

फिरोज़ाबाद

Five Colors of Travel की तरफ से 5 यात्रा सुझाव

  1. सुबह जल्दी बाज़ार जाएं भीड़ कम और ताज़ा नई डिजाइन देखने का मौका मिलता है।
  2. फैक्ट्री विजिट मिस न करें कांच को चूड़ी बनते देखना life time experience है।
  3. मोलभाव ज़रूर करें लोकल दुकानों में अच्छे दाम मिल जाते हैं।
  4. सुरक्षा का ध्यान रखें कांच के कारण कहीं-कहीं फर्श पर नुकीले टुकड़े होते हैं, आरामदायक जूते पहनें।
  5. लोकल स्ट्रीट फूड जरूर चखें बेडमी पूरी, लस्सी और जलेबी दिल जीत लेगी!

सच में एक बार तो आपको आना चाहिए!

फिरोज़ाबाद सिर्फ चूड़ियों का बाजार नहीं, एक शानदार एहसास है, जहां मेहनत, कला और भावना मिलती है। यहां मिलने वाली हर चूड़ी हजारों कारीगरों की मेहनत बयां करती है। और इस शहर की चटक चमक हमेशा दिल में बस जाती है। अगर आप भारतीय संस्कृति, हस्तकला, कला या शॉपिंग के शौकीन हैं तो फिरोज़ाबाद आपकी अगली यात्रा जरूर होनी चाहिए। एक बार आये बिना मन नहीं मानेगा और एक बार आकर फिर बार-बार आने का मन करेगा! तो तैयार हो जाइए, चूड़ियों की इस चमकदार दुनिया में कदम रखने के लिए और कुछ यादें अपने साथ समेट ले जाइए।

By Five Colors Of Travel

Five Colors of Travel भारत का एक भरोसेमंद Hindi Travel Blog है जहां आप ऑफबीट डेस्टिनेशन, culture, food, lifestyle और travel tips की authentic जानकारी पढ़ते हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *