क़ुतुब मीनार: दिल्ली राजधानी दिल्ली देश-विदेश के पर्यटकों के लिए हमेशा से आकर्षण का केंद्र रही है। यहां मौजूद ऐतिहासिक धरोहरें हर साल लाखों लोगों को अपनी ओर खींचती हैं। हाल ही में पर्यटन विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का प्रतिष्ठित स्मारक क़ुतुब मीनार पर्यटकों की पसंद में सबसे ऊपर उभरकर सामने आया है। लाल क़िला और इंडिया गेट जैसी लोकप्रिय जगहों को पीछे छोड़ते हुए क़ुतुब मीनार लगातार रिकॉर्ड विज़िटर्स बटोर रहा है।

दक्षिण दिल्ली के महरौली क्षेत्र में स्थित क़ुतुब मीनार यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है, जिसकी ऊंचाई करीब 73 मीटर है। 1193 में कुतुबुद्दीन ऐबक द्वारा शुरू किया गया इसका निर्माण इल्तुतमिश और फ़िरोज शाह तुगलक ने आगे बढ़ाया। लाल बलुआ पत्थर और संगमरमर से बनी इस पांच मंज़िला मीनार की बेहतरीन नक्काशी और कुरान की आयतों की सुंदर कलाकृति स्थापत्य कला का अद्भुत उदाहरण मानी जाती है।(लाल बलुआ पत्थर और संगमरमर से बनी इस पांच मंज़िला मीनार)
पर्यटन विभाग के अनुसार, वर्ष 2025 में क़ुतुब परिसर में आने वाले पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। यहां पिछले वर्ष की तुलना में आगंतुकों में लगभग 17.6% का इज़ाफ़ा हुआ है। खास बात यह है कि बड़े पैमाने पर युवा ट्रैवलर्स, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और फोटोग्राफ़र्स यहां आकर्षक फोटोशूट और रील्स बनाने के लिए आते हैं। यह दिल्ली में सबसे ज्यादा पर्यटकों को आकर्षक करने वाला मॉन्यूमेंट है। क़ुतुब परिसर में सिर्फ मीनार ही नहीं, बल्कि कुव्वत-उल-इस्लाम मस्जिद, अलाई दरवाज़ा और रहस्यमयी लौह स्तंभ भी लोगों के आकर्षण का केंद्र है। माना जाता है कि यह 1600 वर्ष पुराना लोहे का स्तंभ आज तक जंग से अछूता है, जिसे देखने दुनिया भर के शोधकर्ता और पर्यटक आते हैं।

टिकट व समय
क़ुतुब मीनार रोज़ाना सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक खुला रहता है। भारतीय पर्यटकों के लिए टिकट कीमत करीब ₹40 और विदेशी नागरिकों के लिए लगभग ₹600 है। ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध है।
कैसे पहुंचे
क़ुतुब मीनार मेट्रो स्टेशन येलो लाइन से नज़दीक है। स्टेशन से ऑटो या टैक्सी द्वारा 10 मिनट में पहुंचा जा सकता है। इतिहास प्रेमियों से लेकर फोटोग्राफी और ट्रैवलिंग के शौकीनों तक क़ुतुब मीनार हर किसी के लिए एक यादगार अनुभव बन चुका है। इसलिए यदि आप दिल्ली घूमने की योजना बना रहे हैं, तो इस शानदार विरासत स्थल को ज़रूर अपनी सूची में शामिल करें।
