यात्रा का नाम सुनते ही हमारे दिमाग में घूमने-फिरने, नए शहर देखने और सुकून के पल बिताने की तस्वीर उभर आती है। लेकिन कई बार छोटी-सी अनदेखी पूरी ट्रिप का मज़ा खराब कर सकती है। ऐसा ही एक नजरअंदाज़ किया जाने वाला पहलू है सूटकेस का रंग। जी हां! ट्रैवल एक्सपर्ट्स की मानें तो आपका बैग किस रंग का है, यह तय कर सकता है कि आपकी यात्रा आसान होगी या तनाव भरी। एयरपोर्ट पर बढ़ती भीड़ और एक जैसे दिखने वाले बैग्स के बीच गलत रंग का सूटकेस आपकी यात्रा योजनाओं को खतरे में डाल सकता है।
सूटकेस का रंग क्यों है इतना ज़रूरी
जब भी हम यात्रा की तैयारी करते हैं, तो टिकट, होटल और पैकिंग पर पूरा ध्यान देते हैं, लेकिन सूटकेस के रंग को अक्सर नज़रअंदाज़ कर देते हैं। ट्रैवल एक्सपर्ट्स के मुताबिक, यही छोटी-सी लापरवाही आपकी पूरी यात्रा को परेशानी में डाल सकती है। खासतौर पर एयरपोर्ट पर बैगेज खोने या किसी और के हाथ लग जाने की घटनाएं अक्सर सूटकेस की पहचान न हो पाने की वजह से होती हैं।

काले और गहरे रंग क्यों बनते हैं समस्या
ट्रैवल रिपोर्ट्स के अनुसार, सबसे ज़्यादा इस्तेमाल किए जाने वाले सूटकेस रंग काला, नेवी ब्लू और ग्रे हैं। ये रंग इतने आम हो चुके हैं कि बैगेज बेल्ट पर एक जैसे दिखने वाले दर्जनों बैग घूमते रहते हैं। ऐसे में कई बार यात्री गलती से किसी और का बैग उठा लेते हैं या फिर आपका बैग भीड़ में कहीं गुम हो जाता है। यही वजह है कि इन रंगों को सबसे ज़्यादा रिस्की माना जा रहा है।
एयरपोर्ट पर बढ़ता है खोने का खतरा
भीड़-भाड़ वाले एयरपोर्ट, लेओवर फ्लाइट्स और जल्दी में रहने वाले यात्री इन सब हालातों में एक जैसे दिखने वाले सूटकेस बड़ी समस्या बन जाते हैं। कई बार बैग सही फ्लाइट में लोड नहीं हो पाता या किसी दूसरे शहर तक पहुंच जाता है। ट्रैवल एक्सपर्ट्स मानते हैं कि साधारण रंग का बैग होने से यह खतरा और बढ़ जाता है।
कौन-से रंग हैं ज्यादा सुरक्षित?
एक्सपर्ट्स की सलाह है कि यात्रा के लिए चमकीले और अलग दिखने वाले रंगों का सूटकेस चुनना बेहतर होता है। जैसे लाल, पीला, नारंगी, हरा या फिर प्रिंटेड और पैटर्न वाला बैग। ऐसे सूटकेस बैगेज बेल्ट पर तुरंत नज़र आ जाते हैं और गलती की संभावना काफी कम हो जाती है।
अगर सूटकेस काला ही है तो क्या करें?
अगर आपके पास पहले से काले या गहरे रंग का सूटकेस है, तो घबराने की ज़रूरत नहीं है। आप उसमें रंगीन रिबन, यूनिक टैग, स्टिकर या कवर लगा सकते हैं। इससे आपका बैग बाकी बैग्स से अलग दिखेगा और पहचान आसान होगी। सूटकेस का रंग सुनने में भले ही छोटी बात लगे, लेकिन यह आपकी यात्रा को आसान या मुश्किल बना सकता है।
अगली बार ट्रिप प्लान करते समय सिर्फ सामान ही नहीं, बल्कि बैग के रंग पर भी ध्यान दें। सही चुनाव आपकी यात्रा को तनाव-मुक्त और सुरक्षित बना सकता है।