
कहते हैं अगर धरती पर स्वर्ग देखना हो तो कश्मीर चले जाओ। और कहा भी क्यों ना जाए? यह जगह है हीं इतना खूबसूरत कि यहां आने वाले लोगों के दिलों में यह कभी भूला ना जा सकने वाले एक मीठी याद के तौर पर बस जाता है। कई बार तो लोगों का यहां से जाने का बिल्कुल भी मन नहीं होता है। क्योंकि साधारण सी बात है, दूर-दूर तक बर्फ की सफेद चादर, ऊँची ऊँची पहाड़ियां, केसर के बागान और केसर के धागों पर पड़ने वाला सुबह के सूरज की वह पहली किरण! ये सब इतने बेहतरीन नजारे होते हैं कि, आप अपने कैमरा निकाल कर इन्हें तस्वीरों में कैद करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। इस खूबसूरत से कश्मीर के खूबसूरत से त्यौहार शिकारा फेस्टिवल के बारे में मैं आप सभी को इस ब्लॉग में बताऊंगी।
शिकारा महोत्सव कहां मनाया जाता है?
(Where is Shikara Festival celebrated?)
मुख्यतः शिकारा महोत्सव कश्मीर के डल झील में मनाया जाता है। जहाँ आपको कई सारे शिकारे झील में एक साथ तैरते हुए देखने को मिल जायेंगे। वैसे तो कश्मीर और केरल दोनों ही जगहों पर आपको आम दिनों में भी शिकारे देखने को मिल जायेंगे, लेकिन शिकारा महोत्सव में दिखने वाले कश्मीरी शिकारों की बात ही अलग है। यह जम्मू कश्मीर का प्रमुख त्योहार है। जो कश्मीरी संस्कृति को बखूबी से दुनिया के सामने रखने का काम करता है। यहां आपको कश्मीरी लोग अपने पारंपरिक परिधान पहने हुए देखेंगे जो इस त्यौहार की रौनक को और ज्यादा बढ़ा देता है। साथ ही यह त्योहार जम्मू-कश्मीर की परंपराओं को सहेज कर रखने का भी काम करता है।

इस त्यौहार के लिए कश्मीरी लोगों का उत्साह इतना ज्यादा होता है कि इसके लिए कई महीने पहले से हीं यहां तैयारियां शुरू हो जाती हैं। इस त्योहार के लिए शिकारा को बहुत ही खूबसूरत तरीके से सजाया जाता है। जब रंग-बिरंगे सजे हुए शिकारे डल झील में उतरते हैं तो इसे दूर से देखना भी उतना ही खूबसूरत नजारा होता है, जितना कि उन शिकारों में बैठकर आसपास के नजारों को देखने का होता है।
डल झील को श्रीनगर का गहना माना जाता है। क्योंकि डल झील ना सिर्फ कश्मीर की खूबसूरती को बढ़ाता है, बल्कि यह वहां टूरिज्म को भी बढ़ाता है। खासकर शिकारा महोत्सव तो पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करने में कोई कसर नहीं छोड़ता है। अगर सीधे तौर पर कहा जाए तो यह महोत्सव कश्मीरी कला और संस्कृति को दुनिया से दुनिया को रूबरू करवाता है। डल झील के आसपास मुगल काल में बनाए गए बगीचे भी हैं। जो इसकी खूबसूरती में चार चांद लगाने का काम करते हैं। अगर आप डल झील का बेस्ट नजारा लेना चाहते हैं तो शालीमार गार्डन और निशत गार्डन से आपको डल झील का बेहतरीन नजारा देखने को मिलेगा।
कैसे पहुंचे (How to Reach)

अगर आप भी श्रीनगर के डल झील में शिकारे में बैठकर सैर करना चाहते है तो, आप श्रीनगर के लिए फ्लाइट ले सकते हैं। श्रीनगर में रेलवे स्टेशन भी है। लेकिन आपको श्रीनगर रेलवे स्टेशन पहुंचने के लिए पहले बनिहाल रेलवे स्टेशन तक पहुंचना होगा। वहां से श्रीनगर रेलवे स्टेशन के लिए ट्रेन लेनी होगी। श्रीनगर जाने के लिए सड़क मार्ग का भी उपयोग कर सकते हैं।