Best Hindi Travel Blog -Five Colors of Travel

Categories
Category Travel

मीनाक्षी मंदिर जो भगवान सुंदरेश्वर और देवी पार्वती को समर्पित है

तमिलनाडु का मदुरै शहर जहां इतिहास की गलियां और अध्यात्म की खुशबू हर कदम पर पसरी हुई है। वहां बसा है मीनाक्षी मंदिर एक ऐसा ठिकाना, जो सिर्फ एक मंदिर नहीं है बल्कि भारत की सांस्कृतिक और धार्मिक आत्मा का प्रतीक है। भगवान सुंदरेश्वर यानी शिव और देवी मीनाक्षी यानी पार्वती को समर्पित यह मंदिर अपनी भव्य वास्तुकला, रंग-बिरंगे गोपुरम और आध्यात्मिक ऊर्जा के लिए दुनिया भर में मशहूर है। जहां हर कोना कला में लीपा हुआ है और हर कोना, हर गलियारा भक्ति की गूंज से भरा है।

मीनाक्षी मंदिर, जिसे मीनाक्षी सुंदरेश्वर मंदिर भी कहते हैं। मदुरै शहर के केंद्र में वैगई नदी के किनारे बसा है। यह मंदिर सात वीं सदी से भी पुराना माना जाता है हालांकि इसका वर्तमान स्वरूप सोलह वीं से सत्रह वीं सदी में पांड्य और नायक राजवंशों द्वारा बनाया गया। यह मंदिर करीबन चौदह एकड़ में फैला हुआ है और इसके चौदह गोपुरम मतलब ऊंचे प्रवेश द्वार इसे एक भव्य पहचान देते हैं। सबसे ऊंचा गोपुरम 51.9 मीटर ऊंचा है, जो रंग-बिरंगे मूर्तियों और नक्काशी से सजा हुआ है।

मीनाक्षी मंदिर

मंदिर का नाम मीनाक्षी यानी की मछली जैसी आंखों वाली देवी और सुंदरेश्वर यानी की शिव का एक रूप से आता है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, मीनाक्षी एक योद्धा राजकुमारी थीं, जिन्हें बाद में पार्वती का अवतार माना गया और उन्होंने भगवान शिव से विवाह किया। वास्तव में यह मंदिर सिर्फ एक धार्मिक स्थल नहीं बल्कि तमिल संस्कृति, कला और वास्तुकला का एक साक्षात चित्र है। यहां की भीड़, मंत्रों की गूंज और अगरबत्ती की खुशबू आपको एक आध्यात्मिक दुनिया में ले जाती है। हर साल यहां लाखों श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं, जो इसकी भव्यता और शांति में खो जाते हैं। अगर आप मदुरै जाएं, तो मीनाक्षी मंदिर की सैर बिना आपकी यात्रा अधूरी है।

मीनाक्षी मंदिर की वास्तुकला द्रविड़ शैली का एक शानदार नमूना है, जो इसे दुनिया के सबसे खूबसूरत मंदिरों में से एक बनाती है। मंदिर के चौदह गोपुरम, जिनमें से चार मुख्य प्रवेश द्वार हैं, जो रंग-बिरंगे मूर्तियों और नक्काशी से सजे हुए हैं। इन गोपुरमों पर हजारों मूर्तियां हैं, जो हिंदू पौराणिक कथाओं की कहानियां बयां करती हैं। हर मूर्ति में देवी-देवता, पशु-पक्षी और पौराणिक चरित्रों की बारीक नक्काशी देखने लायक है। सूरज की किरणों में ये गोपुरम चमकते हैं और रात में रोशनी से जगमगाते हैं, जैसे आसमान से तारे उतर आए हों।

मंदिर के अंदर स्तंभों का हॉल एक और आकर्षण है। इस हॉल में 985 नक्काशीदार स्तंभ हैं जिनमें से प्रत्येक एक अनोखी मूर्ति की तरह सजा हुआ है। इन स्तंभों पर नृत्य करती अप्सराएं, संगीतमय मूर्तियां और पौराणिक दृश्य उकेरे गए हैं। ययां का गोल्डन लोटस तालाब भी प्रसिद्ध है, जहां श्रद्धालु स्नान करते हैं और माना जाता है कि इस तालाब में डुबकी लगाने से मन की शुद्धि होती है। मंदिर की दीवारों पर रंग-बिरंगी पेंटिंग्स और मूर्तियां आपको तमिल कला की बारीकियों से रूबरू कराती हैं। यहां हर कोना इतना जादुई है कि आप इसे देखते ही खो जाते हैं। अगर आप फोटोग्राफी के शौकीन हैं, तो मीनाक्षी मंदिर की हर तस्वीर यकीनन आपके एल्बम की शान बढ़ाएगी।

मीनाक्षी मंदिर सिर्फ एक वास्तुशिल्प चमत्कार नहीं है बल्कि भक्ति का एक पवित्र ठिकाना भी है। यहां हर सुबह और शाम को होने वाली आरती और पूजा की गूंज मंदिर के गलियारों में फैलती है। मंदिर में दो मुख्य गर्भगृह हैं एक देवी मीनाक्षी का और दूसरा भगवान सुंदरेश्वर का। श्रद्धालु यहां अपनी मनोकामनाएं लेकर ही आते हैं, और माना जाता है कि मीनाक्षी मां उनकी हर पुकार सुनती हैं। मंदिर की शांति और मंत्रों की आवाज़ आपके मन को सुकून देती है जैसे आप किसी दूसरी दुनिया में चले गए हों।

हर साल अप्रैल-मई में यहां मीनाक्षी तिरुकल्याणम उत्सव भी मनाया जाता है, जो मीनाक्षी और सुंदरेश्वर के विवाह का प्रतीक है। इस दौरान मंदिर रंग-बिरंगे फूलों और रोशनी की चमक से सज जाता है। लाखों श्रद्धालु इस उत्सव में शामिल होने आते हैं और मंदिर की सड़कों पर भव्य रथ यात्राएं निकलती हैं। यह उत्सव न सिर्फ धार्मिक है बल्कि तमिल संस्कृति का एक रंगीन द्रश्य भी पेश करता है। मंदिर में होने वाली रोज़ाना की पूजा, जैसे पल्ली अराई यानी की रात की आरती एक अनोखा अनुभव है, जहां मीनाक्षी और सुंदरेश्वर की मूर्तियों को एक साथ लाया जाता है। यहां की भक्ति की हवा आपके दिल को छू लेगी, और आप यहां से एक नई ऊर्जा लेकर लौटेंगे।

मीनाक्षी मंदिर न सिर्फ श्रद्धालुओं बल्कि पर्यटकों के लिए भी एक अनमोल खजाना है। मंदिर सुबह 4:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और फिर शाम 4:00 बजे से रात 9:30 बजे तक खुला रहता है। प्रवेश के लिए कोई शुल्क नहीं है लेकिन कैमरा और मोबाइल फोन अंदर ले जाना मना है। मंदिर के बाहर आपको गाइड मिलेंगे, जो आपको मंदिर की कहानियां और इतिहास बताएंगे। मंदिर के अंदर एक छोटा संग्रहालय भी है, जहां प्राचीन मूर्तियां, चित्र और तमिल कला के नमूने देखने को मिलते हैं।

मंदिर के आसपास का बाजार भी उतना ही रंगीन है। यहां की गलियों में आपको फूलों की मालाएं, अगरबत्ती, और तमिल हस्तशिल्प की दुकानें मिलेंगी। मंदिर के पास पुत्तु मंडी में स्थानीय व्यंजन, जैसे इडली, डोसा और मदुरै हलवा, जरूर ट्राई करना चाहिए। मंदिर की सैर के दौरान आपको तमिलनाडु की मेहमाननवाजी का अनुभव होगा। स्थानीय लोग बहुत गर्मजोशी से पर्यटकों का स्वागत करते हैं और आपको मंदिर की कहानियां सुनाते हैं। अगर आप सूर्योदय या सूर्यास्त के समय मंदिर जाएं तो गोपुरमों की चमक और मंदिर की शांति आपको मंत्रमुग्ध कर देगी। यहां की हर गली और हर कोना आपको तमिल संस्कृति की गहराई में ले जाता है।

मीनाक्षी मंदिर की यात्रा को और खास बनाने के लिए कुछ टिप्स ध्यान में रखें। कैसे पहुँचें? मदुरै तमिलनाडु का एक प्रमुख शहर है, जो हवाई, रेल और सड़क मार्ग से अच्छी तरह जुड़ा है। मदुरै हवाई अड्डा शहर से 12 किलोमीटर दूर है और यहां से चेन्नई, दिल्ली के साथ साथ मुंबई की उड़ानें भी उपलब्ध हैं। मदुरै जंक्शन रेलवे स्टेशन देश के प्रमुख शहरों से भी जुड़ा है। बस या टैक्सी से भी आप आसानी से मंदिर तक पहुंच सकते हैं।

जाने का सबसे अच्छा समय मतलब कब जाएँ? मीनाक्षी मंदिर की सैर के लिए अक्टूबर से मार्च का समय सबसे अच्छा है क्योंकि तब मौसम ठंडा और सुखद होता है। अप्रैल-मई में मीनाक्षी तिरुकल्याणम उत्सव के दौरान मंदिर की रौनक देखने लायक होती है लेकिन इस समय भीड़ बहुत होती है।

अब सवाल आता है क्या पहनें? मंदिर में पारंपरिक और शालीन कपड़े पहनें। पुरुषों के लिए धोती या कुर्ता पायजामा और महिलाओं के लिए साड़ी या सलवार-कमीज उचित है। कंधों और पैरों को ढकने वाले कपड़े जरूरी हैं एकतरह से कहना यही है की मर्यादा बर्तें।

सबसे जरूरी कहाँ ठहरें? मदुरै में बजट होटल, गेस्टहाउस एवं लग्जरी होटल उपलब्ध हैं। होटल फॉर्च्यून पांडियन और हैरिटेज मदुरै जैसे होटल मंदिर के पास हैं और आरामदायक हैं।

पेट पूजा भी जरूरी है मतलब क्या खाएँ? मंदिर के पास के ढाबों में जिगरथंडा इसका मतलब एक ठंडे पेय से है। परुथी पाल और मदुरै हलवा का स्वाद लें जो यादगार पल रहेगा मदुरै और मीनाक्षी के अनुभव का। मंदिर के आसपास के बाजार में स्थानीय खाना और तमिल व्यंजन आसानी से मिलते हैं।

By Five Colors Of Travel

Five Colors of Travel भारत का एक भरोसेमंद Hindi Travel Blog है जहां आप ऑफबीट डेस्टिनेशन, culture, food, lifestyle और travel tips की authentic जानकारी पढ़ते हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *