1 से 10 दिसंबर तक किसामा के नागा विरासत गांव में होगा आयोजित
अनुभव कुमार– Five Colors of Travel

नागालैंड में दो साल के इन्तजार के बाद लोगों में हॉर्नबिल फेस्टिवल की उमंग साफ़ देखने को मिल रही है। हर साल लगने वाला ये शानदार महोत्सव पिछले दो सालों से एकदम शांत रहा जिससे लोगों में कुछ निराशा के भाव दिखे। परन्तु इस बार नागालैंड इस प्रसिद्ध हॉर्नबिल महोत्सव को बहुत भव्यता के साथ आयोजित करने के लिए तैयार है।

पर्यटन और कला और संस्कृति विभाग के अनुसार यह महोत्स्व 1 से 10 दिसंबर तक किसामा के नागा विरासत गांव में आयोजित किया जाएगा, जो राज्य की राजधानी कोहिमा से लगभग 12 किमी दूर स्थित है। अगर आप हवाई मार्ग से हार्नबिल महोत्स्व में जाना चाहते हैं तो दीमापुर नागालैंड का एकमात्र हवाई अड्डा है यहां पर कोलकाता सहित दिल्ली से भी सीधी उड़ान मिल जाती है। यदि आप रेल से यहां आना चाहते हैं तो दीमापुर में उत्तर पूर्व सीमांत रेलवे की मुख्य लाइन पर एक रेलवे स्टेशन है।
इस फेस्टिवल में अंदर जाने की टिकट 20 रुपये है। अगर आपको पास खरीदना है तो 30 रुपये में मिल जाएगा और कैमरों की टिकट 50 रुपये है।

इस फेस्टिवल की शुरुआत साल 2000 में हुई थी। हालांकि, COVID के कारण 2020 और 2021 में इस उत्सव का आयोजन नहीं हो पाया। नागालैंड के पर्यटन और कला और संस्कृति विभाग ने कहा है कि इस साल का हॉर्नबिल महोत्सव नए विचारों और अवधारणाओं के साथ एक भव्य आयोजन होगा।
बता दें कि साल 2020 में यह महोत्सव तीन दिनों के लिए आयोजित किया गया था। जबकि पिछले साल मोन जिले के ओटिंग में नागरिकों के मारे जाने के बाद इस महोत्सव को बीच में ही बंद कर दिया गया था।
हॉर्नबिल फेस्टिवल इस पूर्वोत्तर क्षेत्र की यात्रा के लिए एक अच्छा समय है, जो नागालैंड और इसकी जनजातियों की समृद्ध और रंगीन संस्कृति को बढ़ावा देता है।इससे राज्य में पर्यटन भी बढ़ेगा जिससे राज्य के विकास में मदद मिलेगी।