Mumbai: सपनों का शहर “The City of Dreams”
मुंबई नाम लेते ही चमक-दमक, बॉलीवुड, लोकल ट्रेन की रफ्तार, नाइटलाइफ और समंदर की लहरें दिमाग में एक साथ कौंध जाती हैं। यह शहर भारत का दिल भी है और धड़कन भी। लोग कहते हैं कि मुंबई सोती नहीं है और यह बात बिल्कुल सच लगती है जब आप इसकी सड़कों पर सुबह की ठंडी हवा से लेकर देर रात तक चलते हुए देखते हैं। लेकिन सिर्फ तेज़ जीवन, भीड़ और नियोन लाइट्स ही मुंबई की पहचान नहीं। इसके पास ऐसे अनगिनत आउटडोर डेस्टिनेशन भी हैं जो इंसान के भीतर शांति भर देते हैं। दिल में रोमांच की चिंगारी जगा देते हैं और जिंदगी को एक नई नज़र से देखने का मौका देते हैं। चाहे आप दिल्ली, भोपाल, जयपुर या कहीं से भी आए हों, मुंबई आपको खुली बाहों से अपनाती है और अपने खूबसूरत नज़ारों से मोह लेती है। मुंबई में घूमने की जगहों की कोई कमी नहीं पर यह पांच ऐसे प्रमुख स्थान हैं। जिनके बिना इस शहर की यात्रा अधूरी मानी जाती है। जिनमें एलीफेंटा केव्स, जुहू बीच, गेटवे ऑफ इंडिया, मरीन ड्राइव और लोनावाला।

Elephanta Caves: पत्थरों में उकेरी गई इतिहास और अध्यात्म की गाथा!
मुंबई हार्बर से लगभग 10 किलोमीटर दूर, अरब सागर के बीचों-बीच स्थित है एलीफेंटा आइलैंड, जहां मौजूद हैं हजारों साल पुराने पत्थर काटकर बनाए गए अद्भुत गुफा-समूह, जिन्हें हम एलीफेंटा केव्स के नाम से जानते हैं। मान्यता है कि यह गुफाएं 5वीं से 8वीं शताब्दी के बीच निर्मित की गई थीं। यहां पहुंचना खुद में एक छोटा सा समुद्री रोमांच जैसा है। गेटवे ऑफ इंडिया से चलने वाली फ़ेरी में एक घंटे की यात्रा, समंदर की लहरों की ताल, किनारे से दूर होते हुए मुंबई के गगनचुंबी बिल्डिंग, और फिर सामने आती एक रहस्यपूर्ण पहाड़ी द्वीप, एक ऐसा लम्हा जिसे कोई भूल नहीं सकता। गुफाओं का सबसे बड़ा आकर्षण है भगवान शिव की त्रिमूर्ति, जो शिव के तीन स्वरूप। सृजनकर्ता, पालक और संहारकर्ता को दर्शाती है। इसे भारतीय शिल्पकला की सबसे उत्कृष्ट मूर्तियों में गिना जाता है। गुफाओं में घूमते हुए ऐसा महसूस होता है जैसे इतिहास की सांसें अभी भी इन पत्थरों में कैद हों।( जिनमें एलीफेंटा केव्स, जुहू बीच, गेटवे ऑफ इंडिया, मरीन ड्राइव और लोनावाला।)

Juhu Beach: इसके बारे में कौन नहीं जानता!
मुंबई का सबसे लोकप्रिय बीच, जुहू बीच सिर्फ एक बीच नहीं, बल्कि मुंबई की रोजमर्रा की धड़कन का आईना है। सुबह लोग यहां जॉगिंग करते दिखते हैं, शाम को कपल्स और परिवार टहलते नज़र आते हैं और रात में समंदर की लहरों के साथ शहर की लाइटें ऐसे चमकती हैं जैसे आसमान ज़मीन पर उतर आया हो। यहां की ठंडी हवा में ऐसा जादू है कि थकान अपने आप उड़ जाती है। यहां खड़े होकर समंदर के सामने घंटों बैठने का मज़ा ही कुछ और है। कोई जल्दी नहीं, कोई शोर नहीं, सिर्फ लहरों की आवाज़ और दिल का सुकून। जुहू बीच का सबसे स्वादिष्ट हिस्सा है इसका स्ट्रीट फूड कॉर्नर, बेलपुरी, सेवपुरी, पानीपुरी, पावभाजी, पिज्जा डोसा, कुल्फी फ़ालूदा, आप जो भी खाइए, दिल जीत लेगा। अगर किस्मत साथ दे, तो आप यहां बॉलीवुड सितारों को भी देख सकते हैं क्योंकि इनके कई घर यहीं आसपास हैं। बच्चों के लिए ऊंट-घोड़ा राइड और यूथ के लिए फोटोग्राफी स्पॉट्स, ड्रोन शूट्स, और बीच स्पोर्ट्स सबकुछ मौजूद है। दुनिया के कई समुद्रतट सुंदर हो सकते हैं, पर जुहू बीच दिल से जुड़ जाने वाली जगह है । जहां पर इंसान एक बार फिर से जीना सीख लेता है।

Gateway of India: भारत का प्राइड
अरे, मुंबई आए और गेटवे ऑफ इंडिया नहीं देखा? यह तो ऐसे ही है जैसे दिल्ली आए पर इंडिया गेट न देखा हो! 1911 में किंग जॉर्ज पंचम और क्वीन मैरी के स्वागत के लिए बनाया गया यह भव्य स्मारक आज मुंबई का सबसे प्रतिष्ठित लैंडमार्क है। चाहे दिन हो या रात, यहां की खूबसूरती दिल को छू जाती है। यूं लगता है जैसे यह सिर्फ एक इमारत नहीं, बल्कि भारत की ताकत, गौरव और साहस का प्रतीक हो, जो हमेशा खड़ा है। समंदर के सामने, हवाओं के बीच, बिना हिले, बिना थके। गेटवे के सामने से उठती समुद्री हवा और चारों तरफ उड़ते कबूतरों का दृश्य, एक ऐसी शांति देता है जिसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है। यहीं से एलीफेंटा के लिए फ़ेरी चलती है, और रात में यहां का लाइटिंग शो देखना अपने आप में एक यादगार अनुभव है। पास में ताज होटल की ऐतिहासिक इमारत इसे और भी भव्य बना देती है।

Marine Drive: जो है प्यार, दोस्ती और सबसे खूबसूरत किनारा
अगर किसी ने कभी मुंबई की रूह महसूस की है, तो वह जानता होगा कि मरीन ड्राइव सिर्फ एक सड़क नहीं एक एहसास है। इसे लोग प्यार से क्वीन्स नेकलेस भी कहते हैं क्योंकि रात में इसकी स्ट्रीट लाइटें ऐसे चमकती हैं जैसे मोतियों की लड़ी हो। 3.6 किलोमीटर लंबा ये समुद्री किनारा लोगों के लिए तनाव से राहत, प्रेमियों के लिए रोमांस और यात्रियों के लिए एक शानदार दृश्य है। यहां की शामें अविस्मरणीय होती हैं। लहरों का शोर, हवा की ताजगी और आसमान का रंग बदलना यह सब जिंदगी को बेहद खूबसूरत बना देता है। मरीन ड्राइव पर बैठकर भविष्य की चिंता भूल जाती है और मन में सुकून की लहर दौड़ जाती है। यह वह जगह है जहां लोग रोते भी हैं, हंसते भी हैं, सपने भी देखते हैं और खुद को समझते भी हैं।

Lonavala hills: झरने और बादल का सुंदर कॉम्बो
अगर आप मुंबई के शोर से दूर थोड़ी राहत चाहते हैं, तो लोनावाला आपके इंतज़ार में है। मुंबई से करीब 2 घंटे की दूरी पर स्थित यह हिल स्टेशन मानसून के दिनों में स्वर्ग से कम नहीं लगता। रास्ते में मिलते हरे-भरे पहाड़, गहरी घाटियां बादलों से मिलते झरने और पहाड़ी हवा दिल को एक ऐसी खुशी देती है जो कहीं और मिलनी मुश्किल है। Tigers Point, Bhushi Dam, Rajmachi Point और Pawna Lake जैसे स्पॉट मन मोह लेते हैं। मानसून में सड़कें धुंध से ढक जाती हैं और सबकुछ ऐसा लगता है जैसे आप किसी फिल्म के सीन में हों। लोनावाला सिर्फ कपल्स और दोस्तों के लिए नहीं, बल्कि परिवारों और सोलो ट्रैवलर्स के लिए भी एक परफेक्ट डेस्टिनेशन है। चिक्की और चॉकलेट फज यहां की पहचान हैं और हर यात्री इन्हें यादों की तरह घर ले जाता है। यहां आकर समझ आता है कि प्रकृति इंसान को क्यों इतना सुकून देती है क्योंकि वह बिना शोर, बिना दिखावे, सिर्फ अपनेपन से मन को भर देती है।










