दिल्ली की हलचल भरी गलियों और शॉपिंग हब कनॉट प्लेस के पास एक ऐसी जगह है, जो भीड़-भाड़ और शोर-शराबे के बीच भी अपनी शांति और खूबसूरती से लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचती है। और यह है Sacred Heart Cathedral Church, जो सिर्फ एक चर्च नहीं, बल्कि दिल्ली की एक बेहद खूबसूरत जगह और आस्था का केंद्र है। लगभग 14 एकड़ में फैला यह कैथोलिक चर्च न सिर्फ आकार में बड़ा है, बल्कि इसकी बनावट भी कला की दृष्टि से बहुत खास मानी जाती है। यहाँ की लाल ईंटों वाली बिल्डिंग, भव्य मेहराब, ऊँची छत और रंग-बिरंगी खिड़कियां बहुत ही खूबसूरती से बनाई गई हैं। चाहे आप धार्मिक हों या फिर कला और वास्तुकला में रुचि रखते हों, यह जगह हर किसी के लिए दिल्ली का एक अट्रेक्टिव प्वाइंट है।
यह पूरा चर्च बना है लाल इंटों से
Sacred Heart Cathedral Church को ब्रिटिश आर्किटेक्ट हेनरी मेड ने डिज़ाइन किया था, जो प्रसिद्ध एडविन लुटियंस की टीम का हिस्सा थे। इसकी लाल ईंटों वाली बिल्डिंग और इतालवी स्टाइल का आर्किटेक्चर देखने को मिलता ही है, ये चर्च जितना बाहर से खूबसूरत दिखता है उतना ही ये अंदर से भी है। बड़ी सी घुमावदार छत, चमकते हुए पत्थर के फर्श और बड़े-बड़े मेहराब इसे और भी खूबसूरत बनाते हैं। इसकी खास बात यह है कि इसे इस तरह डिज़ाइन किया गया है कि गर्मियों में भी अंदर ठंडक बनी रहे, जिससे दिल्ली की तपती गर्मी में भी आप यहाँ बिना किसी परेशानी के आराम से बैठ सकते हैं।
ये हैं चर्च की मुख्य विशेषताएं
चर्च की जो मुख्य वेदी है, जो कि सफेद संगमरमर से बनी हुई है। इसे सर एंथोनी डि मेलो ने दान किया था। वेदी के ठीक पीछे “द लास्ट सपर” की एक बहुत ही खूबसूरत पेंटिंग बनी हुई है, जो इस पूरे चर्च का केंद्र बिंदु है। चर्च की रंगीन कांच की खिड़कियों से जब धूप छनकर अंदर आती है, तो चर्च के अंदर का माहौल और भी खूबसूरत हो जाता है। ऊपर बने ऊँचे-ऊँचे शिखर इसकी खूबसूरती को और भी खास बना देते हैं। कुल मिलाकर, इस चर्च का हर कोने की अपनी खासियत और बनावट है। इसके साथ ही इस चर्च के अंदर गर्ल्स और बॉयज दोनों स्कूल बने हुए है।
Sacred Heart Cathedral Church का इतिहास
इस चर्च की नींव 1929 में रेवरेंड डॉक्टर ई. वन्नी ने रखी थी, और इसके निर्माण का काम 1930 में शुरू होकर 1934 में पूरा हुआ। यानी लगभग चार साल की मेहनत और लगन के बाद यह भव्य चर्च तैयार हुआ। आज यह सिर्फ एक धार्मिक स्थल नहीं रह गया है, बल्कि दिल्ली की सांस्कृतिक विरासत का भी अहम हिस्सा बन चुका है। यहाँ आकर आप न सिर्फ आध्यात्मिक शांति महसूस कर सकते हैं, बल्कि उस समय के आर्किटेक्चर, कला और इतिहास को भी देख सकते हैं।

ईसाई श्रद्धालुयों के मिलने का स्थान
सेक्रेड हार्ट कैथेड्रल दिल्ली में रहने वाले पूर्वोत्तर के राज्यों जैसे मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड के ईसाई समुदाय के लिए खास महत्व रखता है। यह उनके लिए सिर्फ एक चर्च नहीं, बल्कि एक ऐसा मिलन स्थल है जहाँ वे अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को एक साथ जी सकते हैं। खासकर क्रिसमस और ईस्टर के समय, यहाँ की रौनक देखने लायक होती है। चर्च में सजावट, रंग-बिरंगी लाइटें और भजन-कीर्तन का माहौल पूरे इलाके में खुशी और पॉजिटिविटी भर देता है। इन त्योहारों के दौरान भारी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक इकट्ठा होते हैं, जिससे यहां की हलचल और भी खास बन जाती है। यह जगह न सिर्फ आध्यात्मिक शांति देती है, बल्कि लोगों को एक साथ जोड़ने का भी काम करती है।

Sacred Heart Cathedral Church जाने का सही समय
Sacred Heart Cathedral Church रोजाना सुबह 6 बजे से लेकर रात 8 बजे तक खुला रहता है, यानी आप चाहे सुबह आएँ या शाम को दोनों ही समय आपको यहाँ आकर शांति का एहसान होगा। और क्योंकि इसकी लोकेशन दिल्ली के कॉन्ट प्लेस में है इस लिय यह हमेशा शांति बनी रहती है। इसके ठीक पास ही प्रसिद्ध गुरुद्वारा बंगला साहिब है और सामने ही गोल डाकखाना स्थित है। कनॉट प्लेस से केवल कुछ ही कदम की दूरी पर होने की वजह से इसे ढूँढना भी बहुत आसान है, इसलिए आप चाहे ट्विस्ट हों या दिल्ली के रहने वाले, यहाँ आसानी से पहुँच सकते हैं और इस खूबसूरत और भव्य चर्च को देखने का आनंद ले सकते हैं।









