सोलो ट्रैवलिंग के हैं शौकीन? तो जरूर बरतें ये सुरक्षा टिप्स
कभी पहाड़ों को देखने ख्याल आए या वादियों में घूमने का दिल कर जाए। ऐसे घूमना फिरना किसे पसंद नहीं होता? लोग अक्सर अपने परिवार या दोस्तों के साथ यात्रा करना पसंद करते हैं, पर कुछ लोग इसके इतने शौक़ीन होते हैं कि एक खूबसूरत सफर पर अकेले ही निकल जाते हैं।
जिसे हम सोलो ट्रैवलिंग Solo travelling के नाम से जानते हैं।
सोलो ट्रैवलिंग यानी अकेले यात्रा करना, एक ऐसा सफर जहाँ सिर्फ आप और आपकी कल्पनाएं हों। आप बिना किसी और को साथ लिए अकेले ही घूमने निकल जाएं। तो क्या आप भी सोलो ट्रैवलिंग करना पसंद करते हैं या भविष्य में सोलो ट्रैवलिंग करने का सोच रहे हैं? ऐसे में, कुछ बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है क्योंकि सोलो ट्रैवलिंग करते हुए हिम्मत और आत्मविश्वास के साथ-साथ सुरक्षा और कुछ एहतियात बरतना भी बहुत ज़रूरी है।

जब आप एक स्थान से दूसरे स्थान तक यात्रा करते हैं तो केवल वह क्षेत्र नहीं बदलता बल्कि बदलती है भाषा, खान-पान, पहनावा और संस्कृति। इसलिए यात्रा से पूर्व कुछ बातों का ध्यान रखना और कुछ तैयारी कर लेना सोलो ट्रैवलिंग के लिए बहुत ज़रूरी भी है और यह आपकी यात्रा को आसान बनाने में भी सहायक हो सकता है।
सोलो ट्रैवलिंग के दौरान इन बातों का रखें ध्यान
जानकारी जुटाओ सबसे पहले
जब आप किसी नई जगह जा रहे होते हैं तब आप उसे जगह को इतनी गहराई से नहीं जानते हैं इसलिए सबसे पहले आपको उसे स्थान के बारे में जानकारी होनी चाहिए। ये पता होना चाहिए कि जहां जा रहे हैं वह जगह कैसी है? वहां का मौसम कैसा है? बोलचाल भाषा और वातावरण कैसा है? जब आप यह जानकारी जुटा लेते हैं तब आप मानसिक रूप से भी तैयार हो जाते हैं।
प्लानिंग करो एकदम सॉलिड
कहीं भी जाने से पहले वहां जाने, रहने, खाने-पीने और घूमने की एक अच्छी प्लानिंग कर लेनी चाहिए। क्योंकि जब आप दूसरी जगह जाते हैं तो वहां आवास बदलता है, खान-पान बदलता है। ऐसे में अगर आप पहले से ही तैयार नहीं होंगे तो हो सकता है कि आपको सफर में बहुत से मुश्किलों का सामना करना पड़े।
अपडेट रहना है बेहद ज़रूरी
परिवर्तन संसार का नियम है। बात तीर्थ स्थल की हो या रिसॉर्ट की, हर जगह अक्सर कुछ ना कुछ बदलाव होते रहते हैं। खासकर, अगर आप किसी जगह पहले भी जा चुके हैं तो भी आपको यह सुनिश्चित कर लेना चाहिए कि वर्तमान समय में यानी जब आप वहां जा रहे हैं स्थिति कैसी है। अपनी यात्रा की प्लानिंग के साथ-साथ दिमाग खुला रखना बहुत जरूरी है।

डिजिटल सेफ्टी का भी रखें ध्यान
किसी भी पब्लिक WI-FI पर पर्सनल लॉगिन करने से बचें।
साथ ही, इस बात का भी ध्यान रखें कि सोशल मीडिया के किसी भी एप्लीकेशन पर तुरंत ही लाइव लोकेशन या यात्रा की सारी जानकारी साझा न करें।
जरूरी डॉक्यूमेंट्स की डिजिटल कॉपी रखें साथ
कुछ ऐसे दस्तावेज जिनकी जरूरत आपको आपकी यात्रा के दौरान पड़ सकती है उनकी डिजिटल कॉपी अपने पास हमेशा रखें।

अगर आप अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर जा रहे हैं तब आपको इस बात का विशेष ध्यान रखना होगा कि आप अपनी जरूरी दस्तावेज प्रिंट रूप में अपने साथ रखें।
पैसा रखें स्ट्रेटजी से
कभी भी अपना सारा पैसा या कीमती सामान एक साथ एक ही जगह पर न रखें। बल्कि आपको अपना पैसा अलग-अलग जेब या बैग्स में रखना चाहिए। इससे आपका पैसा सुरक्षित भी रहता है और इस्तेमाल करते हुए आसानी भी होती है।
मानसिक रूप से तैयार रहें
जब आप अकेले यात्रा कर रहे होते हैं तो ऐसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है कि आपको अकेलापन महसूस होने लगे ऐसे में आपको मानसिक रूप से सशक्त होना चाहिए।
आप अपने साथ कुछ ऐसी किताबें रख सकते हैं जिन्हें पढ़कर आपका वक्त कट जाए। कुछ ऐसे गाने सुन सकते हैं ऐसी फिल्में देख सकते हैं जिनके साथ आपको वक्त का पता ही ना चले।

‘न’ कहना सीखें
जब आप अकेले यात्रा कर रहे होते हैं तो आप कई बार अजनबियों से मिलते हैं जो आपको कुछ लालच देने की कोशिश कर सकते हैं या अपनी बातों में फसाने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसी स्तिथि में अगर आपका दिल गवाही न दे तो ‘न’ कहना ही सबसे उपाय होगा।
ट्रैवल एप्स का सहारा लें
नेविगेशन के लिए Google maps ,TripIt, Waze, और Rome2Rio जैसे ट्रैवल एप्स और साइट्स का सहारा लेकर आप अपनी यात्रा को और आसान बना सकते हैं। साथ ही, ट्रैवल बुकिंग के लिए Airbnb या Booking.com का इस्तेमाल किया जा सकता है ।
यात्रा अकेले की जाए या किसी के साथ में सबसे जरूरी होती है हिम्मत और आत्मविश्वास। आप जब भी यात्रा करें इन बातों का ध्यान रखें और सुरक्षित रहें।





