Destination Latest Travel

McLeod Ganj Travel Guide: घूमने की जगहें और पूरी जानकारी

McLeod Ganj

हिमाचल प्रदेश का नाम सुनते ही मन में ऊंचे पहाड़, ठंडी हवा और चारों तरफ फैली हरियाली की तस्वीर बनने लगती है। लेकिन अगर आप ऐसी जगह जाना चाहते हैं जहां पहाड़ों की खूबसूरती के साथ एक अलग संस्कृति, शांत मठ, छोटे-छोटे कैफे और घूमने के लिए कई खूबसूरत रास्ते भी मिलें, तो मैक्लॉडगंज को अपनी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल करें।

धर्मशाला के ऊपर बसा McLeod Ganj पहली नजर में ही आपको पसंद आ सकता है। यहां की गलियों में तिब्बती भिक्षु अपने पारंपरिक कपड़ों में नजर आते हैं, दुकानों पर रंग-बिरंगे प्रार्थना झंडे मिलते हैं और कैफे से आती कॉफी की खुशबू आपको कुछ देर बैठने के लिए रोक लेती है। एक तरफ धौलाधार की ऊंची पहाड़ियां हैं, तो दूसरी तरफ तिब्बती संस्कृति से जुड़ी ऐसी जगहें हैं, जिन्हें करीब से देखना अपने आप में एक खास अनुभव है।

कई लोग यहां सिर्फ दो-तीन दिन बिताने आते हैं, लेकिन McLeod Ganj में घूमने के लिए इतना कुछ है कि आपका मन कुछ दिन और रुकने का कर सकता है। अगर आप पहली बार यहां जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो इस ट्रैवल गाइड में जानिए कि मैक्लॉडगंज क्यों मशहूर है, घूमने का सही समय क्या है, कहां-कहां जाना चाहिए, क्या खाना चाहिए और यहां से कौन-सी चीजें खरीदकर घर ले जा सकते हैं।

मैक्लॉडगंज को ‘छोटा ल्हासा’ क्यों कहा जाता है?

मैक्लॉडगंज सिर्फ एक खूबसूरत हिल स्टेशन नहीं है। इसकी पहचान यहां रहने वाले तिब्बती समुदाय और उनकी संस्कृति से भी जुड़ी हुई है। इसी वजह से इसे ‘छोटा ल्हासा’ यानी ‘Little Lhasa’ कहा जाता है। ल्हासा तिब्बत की ऐतिहासिक राजधानी है और मैक्लॉडगंज में आपको तिब्बती संस्कृति की झलक कई जगह देखने को मिलती है। McLeod Ganj

इस जगह का इतिहास 1959 की घटनाओं से जुड़ा है। उस समय तिब्बत में राजनीतिक हालात बिगड़ने के बाद 14वें दलाई लामा भारत आए थे। भारत ने उन्हें और बड़ी संख्या में आए तिब्बती शरणार्थियों को रहने के लिए जगह दी। साल 1960 में दलाई लामा और तिब्बती प्रशासन का मुख्यालय धर्मशाला के मैक्लॉडगंज इलाके में स्थापित हुआ। यही प्रशासन आगे चलकर Central Tibetan Administration के नाम से जाना गया। आज भी इसका मुख्यालय यहीं है।

धीरे-धीरे मैक्लॉडगंज तिब्बती लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक और धार्मिक केंद्र बन गया। यहां की दुकानों में तिब्बती हस्तशिल्प, बौद्ध धर्म से जुड़ी किताबें और पारंपरिक कपड़े मिलते हैं। सड़कों पर प्रार्थना चक्र घुमाते लोग और मठों में मंत्रों का जाप करते भिक्षु इस जगह को बाकी पहाड़ी शहरों से अलग पहचान देते हैं। McLeod Ganj की खास बात यह है कि यहां घूमते हुए आपको एक ही जगह पर हिमाचली पहाड़ी जीवन और तिब्बती संस्कृति, दोनों का अनुभव मिलता है।

मैक्लॉडगंज घूमने का सबसे अच्छा समय

मैक्लॉडगंज की यात्रा आप साल के अलग-अलग महीनों में कर सकते हैं, लेकिन हर मौसम में यहां का नजारा थोड़ा अलग होता है। इसलिए जाने से पहले मौसम के बारे में जान लेना अच्छा रहता है।

मार्च से जून का समय पहली बार आने वाले यात्रियों के लिए अच्छा रहता है। इस दौरान मौसम आमतौर पर सुहावना रहता है, दिन में घूमना आसान होता है और धौलाधार की पहाड़ियों के खूबसूरत नजारे भी देखने को मिलते हैं। इसी समय बहुत से पर्यटक त्रिउंड ट्रेक और आसपास की जगहों पर घूमने आते हैं। हालांकि गर्मियों की छुट्टियों में यहां भीड़ बढ़ सकती है, इसलिए होटल पहले से बुक करना बेहतर है।

McLeod Ganj

सितंबर से नवंबर तक का समय भी मैक्लॉडगंज घूमने के लिए बढ़िया माना जाता है। बारिश के बाद पहाड़ों पर हरियाली नजर आती है और मौसम साफ होने पर धौलाधार की चोटियां काफी खूबसूरत दिखाई देती हैं। अगर आपको फोटोग्राफी पसंद है या आप शांत माहौल में घूमना चाहते हैं, तो यह समय अच्छा विकल्प हो सकता है।

दिसंबर से फरवरी के बीच McLeod Ganj का मौसम काफी ठंडा हो जाता है। आसपास की ऊंची पहाड़ियों पर बर्फ देखने को मिल सकती है और कभी-कभी मैक्लॉडगंज में भी बर्फबारी होती है। हालांकि हर साल और हर जगह बर्फ पड़ना तय नहीं है। अगर आप सर्दियों में यहां जा रहे हैं, तो गर्म कपड़े, अच्छे जूते और मौसम की जानकारी जरूर साथ रखें। इस मौसम में तिब्बती समुदाय का लोसार, यानी तिब्बती नववर्ष भी मनाया जाता है। इसकी तारीख हर साल तिब्बती कैलेंडर के अनुसार बदलती है। McLeod Ganj

जुलाई से अगस्ट के दौरान यहां बारिश काफी तेज हो सकती है। पहाड़ी रास्ते फिसलन भरे हो जाते हैं और कुछ इलाकों में भूस्खलन का खतरा भी रहता है। इस समय हरियाली बहुत सुंदर दिखाई देती है, लेकिन ट्रेकिंग या लंबी सड़क यात्रा का प्लान बनाने से पहले मौसम और रास्तों की स्थिति जरूर जांच लें।

मैक्लॉडगंज में घूमने की जगहें

मैक्लॉडगंज में घूमने के लिए धार्मिक स्थलों से लेकर पुराने चर्च, शांत गांव और खूबसूरत व्यू पॉइंट तक कई विकल्प हैं। अगर आपके पास दो से तीन दिन हैं, तो इन जगहों को अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं।

त्सुगलखंग कॉम्प्लेक्स और दलाई लामा मंदिर McLeod Ganj की यात्रा का मुख्य हिस्सा है। यह यहां का प्रमुख धार्मिक स्थल है और तिब्बती बौद्ध समुदाय के लिए खास महत्व रखता है। इसे दलाई लामा मंदिर के नाम से भी जाना जाता है। कॉम्प्लेक्स के अंदर मुख्य प्रार्थना हॉल में भगवान बुद्ध की बड़ी प्रतिमा है। यहां गुरु रिम्पोचे और चेनरिजिंग की प्रतिमाएं भी देखने को मिलती हैं।

यहां आने वाले लोग प्रार्थना करते हैं, ध्यान लगाते हैं और मंदिर परिसर में कुछ समय शांति से बिताते हैं। यहां प्रवेश आमतौर पर मुफ्त रहता है, लेकिन किसी धार्मिक कार्यक्रम या विशेष आयोजन के दौरान व्यवस्था बदल सकती है। परिसर में शांति बनाए रखें और तस्वीरें लेने से पहले वहां लगे नियम जरूर देख लें।

त्सुगलखंग कॉम्प्लेक्स के अंदर ही नमग्याल मठ स्थित है। यह दलाई लामा से जुड़ा एक महत्वपूर्ण बौद्ध मठ है। इसकी स्थापना 16वीं शताब्दी में दूसरे दलाई लामा के समय हुई थी और बाद में इसे नमग्याल नाम दिया गया। मठ के अंदर भिक्षुओं को प्रार्थना और धार्मिक अध्ययन करते हुए देखा जा सकता है। अगर आप सही समय पर यहां पहुंचते हैं, तो भिक्षुओं की शास्त्रार्थ यानी धार्मिक विषयों पर बहस भी देखने को मिल सकती है। इस दौरान वे अपनी बात समझाने के लिए जोर से ताली बजाते हैं। McLeod Ganj

यहां घूमते समय ध्यान रखें कि मठ एक धार्मिक जगह है। इसलिए बहुत तेज आवाज में बात करने या किसी की प्रार्थना में बाधा डालने से बचें।

अगर आप मंदिर के अंदर समय बिताने के बाद थोड़ी पैदल सैर करना चाहते हैं, तो कोरा वॉक जरूर करें। यह त्सुगलखंग कॉम्प्लेक्स के आसपास पेड़ों के बीच से गुजरने वाला एक पैदल रास्ता है। इस रास्ते पर कई प्रार्थना चक्र लगे हुए हैं। तिब्बती बौद्ध श्रद्धालु इन्हें घड़ी की दिशा में घुमाते हुए धीरे-धीरे चलते हैं। रास्ते में पेड़, छोटे धार्मिक स्थल और पहाड़ों की झलक देखने को मिलती है। यहां सुबह के समय जाना अच्छा रहता है, क्योंकि उस वक्त माहौल काफी शांत होता है।

तिब्बती संस्कृति और इतिहास को समझना चाहते हैं, तो तिब्बती संग्रहालय जरूर जाएं। यहां तस्वीरों, दस्तावेजों और दूसरी सामग्री के जरिए तिब्बती लोगों के इतिहास, उनके पलायन और भारत में नए जीवन की शुरुआत से जुड़ी जानकारी मिलती है। सिर्फ घूमने के बजाय अगर आप यह समझना चाहते हैं कि मैक्लॉडगंज तिब्बती समुदाय के लिए इतना खास क्यों है, तो यह जगह आपकी यात्रा को और बेहतर बना सकती है। यहां जाने से पहले संग्रहालय के मौजूदा खुलने के समय और छुट्टी वाले दिन की जानकारी जरूर जांच लें।

मैक्लॉडगंज से कुछ दूरी पर देवदार के पेड़ों के बीच बना सेंट जॉन इन द वाइल्डरनेस चर्च भी देखने लायक जगह है। इसका निर्माण 1852 में हुआ था और यह अपनी गॉथिक शैली की वास्तुकला के लिए जाना जाता है। चर्च के आसपास घने पेड़ हैं और यहां का माहौल बाजार की भीड़ से बिल्कुल अलग है। इसकी पुरानी पत्थर की इमारत और रंगीन कांच की खिड़कियां खास आकर्षण हैं। अगर आप इतिहास और पुरानी इमारतों में दिलचस्पी रखते हैं, तो यहां कुछ समय जरूर बिताएं। McLeod Ganj

धौलाधार पर्वतमाला को करीब से देखने और तस्वीरें लेने के लिए नड्डी व्यू पॉइंट अच्छा विकल्प है। यहां से पहाड़ों का खुला नजारा दिखाई देता है। साफ मौसम में बर्फ से ढकी चोटियां काफी खूबसूरत लगती हैं। शाम के समय यहां से सूर्यास्त देखना अच्छा अनुभव हो सकता है। हालांकि पहाड़ों पर मौसम जल्दी बदलता है, इसलिए बादल या धुंध होने पर नजारा साफ न भी दिखे। बेहतर दृश्य के लिए मौसम देखकर जाने का प्लान बनाएं।

मैक्लॉडगंज से थोड़ा ऊपर बसा धर्मकोट उन लोगों को पसंद आएगा जो भीड़ से दूर कुछ समय बिताना चाहते हैं। यहां छोटे कैफे, योग और मेडिटेशन सेंटर और शांत रहने की जगहें मिलती हैं। कई लोग यहां कुछ दिन रुककर काम करते हैं या पहाड़ों के बीच आराम से समय बिताते हैं। अगर आप McLeod Ganj के बाजार से थोड़ा अलग माहौल देखना चाहते हैं, तो धर्मकोट की सैर जरूर करें।

त्रिउंड ट्रेक का अनुभव

अगर आपको पैदल घूमना और पहाड़ों के बीच समय बिताना पसंद है, तो त्रिउंड ट्रेक आपकी यात्रा का सबसे खास हिस्सा बन सकता है। मैक्लॉडगंज के पास मौजूद त्रिउंड एक खूबसूरत पहाड़ी घास का मैदान है, जहां पहुंचकर एक तरफ धौलाधार की ऊंची चोटियां और दूसरी तरफ कांगड़ा घाटी का नजारा दिखाई देता है। McLeod Ganj

मैक्लॉडगंज से त्रिउंड तक का ट्रेक लगभग 9 किलोमीटर एक तरफ का है। रास्ते की स्थिति और आपकी चाल के हिसाब से ऊपर पहुंचने में करीब 4 से 6 घंटे लग सकते हैं। ट्रेक के दौरान ओक, देवदार और बुरांश के पेड़ों से गुजरना अपने आप में अच्छा अनुभव है। रास्ते में कुछ जगह चाय और हल्के नाश्ते के लिए छोटे स्टॉल भी मिल जाते हैं।

जैसे-जैसे आप ऊपर पहुंचते हैं, पहाड़ों का नजारा और खुलता जाता है। त्रिउंड पहुंचने के बाद सामने धौलाधार की ऊंची पहाड़ी दीवार और नीचे फैली कांगड़ा घाटी दिखाई देती है। साफ मौसम में यहां का नजारा काफी दूर तक नजर आता है।

कुछ लोग यहां रात में कैंपिंग भी करते हैं, लेकिन इसके लिए मौजूदा नियम, मौसम और कैंपिंग की अनुमति पहले से जांचना जरूरी है। अपनी मर्जी से कहीं भी टेंट लगाना सही नहीं है। ट्रेक पर निकलने से पहले स्थानीय गाइड या प्रशासन से रास्ते की स्थिति और जरूरी अनुमति के बारे में जानकारी लें। McLeod Ganj

अगर आप पहली बार ट्रेकिंग कर रहे हैं, तो जल्दबाजी न करें। आराम से चढ़ाई करें, बीच-बीच में पानी पीते रहें और अंधेरा होने से पहले वापसी की योजना बनाएं।

गल्लू वॉटरफॉल और भागसूनाग

मैक्लॉडगंज के आसपास पानी की धाराएं, छोटे झरने और पैदल घूमने के रास्ते भी हैं। इनमें भागसूनाग और गल्लू वॉटरफॉल की तरफ जाना अच्छा अनुभव हो सकता है। McLeod Ganj

भागसूनाग मंदिर के पास से झरने की ओर जाने वाला रास्ता पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है। बारिश के मौसम में यहां पानी का बहाव बढ़ जाता है और आसपास की हरियाली भी देखने लायक होती है। हालांकि तेज बारिश के दौरान झरने के पास जाना जोखिम भरा हो सकता है।

McLeod Ganj

गल्लू देवी मंदिर के आसपास से भी पैदल रास्ते निकलते हैं। यहां से आगे बढ़ने पर जंगल और पहाड़ी रास्तों का अनुभव मिलता है। अगर आप भीड़ से दूर प्रकृति के बीच कुछ समय बिताना चाहते हैं, तो इस तरफ जा सकते हैं। फिसलन वाले रास्तों पर अच्छे ग्रिप वाले जूते पहनें और मौसम खराब होने पर ट्रेकिंग से बचें।

मैक्लॉडगंज का कैफे कल्चर

मैक्लॉडगंज की एक और पहचान यहां के छोटे-बड़े कैफे हैं। यहां आपको तिब्बती खाने से लेकर इटैलियन डिश, कॉफी, पैनकेक और बेकरी के कई विकल्प मिल जाएंगे। पहाड़ों के बीच बैठकर गरम कॉफी पीना और बाहर के नजारे देखना यहां की यात्रा का अच्छा हिस्सा बन सकता है। McLeod Ganj

यहां पहुंचकर सबसे पहले तिब्बती व्यंजन जरूर चखें। थुकपा एक तरह का गर्म नूडल सूप है, जिसे सब्जियों या दूसरे विकल्पों के साथ बनाया जाता है। ठंड के मौसम में इसका स्वाद और भी अच्छा लगता है। इसके अलावा मोमोज, तिब्बती ब्रेड और बटर टी भी यहां काफी लोकप्रिय हैं।

अगर आप कॉफी और बेकरी के शौकीन हैं, तो Moonpeak Espresso में कॉफी पीने और हल्का नाश्ता करने का अनुभव ले सकते हैं। Woeser Bakery यहां के केक और बेकरी आइटम के लिए जाना-पहचाना नाम है। अगर आपको गाजर का केक पसंद है, तो इसे चख सकते हैं। जाने से पहले इसके खुलने के दिन की जानकारी जरूर लें। McLeod Ganj

Crepe Pancake Hut में नाश्ते में पैनकेक और क्रेप्स खाना चाहते हैं, तो यह जगह देख सकते हैं। Nick’s Italian Kitchen इटैलियन खाने के लिए लोकप्रिय कैफे है। यहां से आसपास की घाटी और पहाड़ों का नजारा भी देखने को मिल सकता है।

Shiva Cafe भागसूनाग झरने के ऊपर की तरफ स्थित है और अपने खुले तथा प्राकृतिक माहौल के लिए जाना जाता है। यहां तक पहुंचने के लिए थोड़ी चढ़ाई करनी पड़ती है, इसलिए आरामदायक जूते पहनकर जाएं। Tibet Kitchen और Snow Lion में मोमोज, थुकपा और दूसरे तिब्बती व्यंजनों का स्वाद लिया जा सकता है। McLeod Ganj

कैफे के नाम और उनके खुलने के समय में बदलाव हो सकता है। इसलिए किसी खास जगह पर जाने से पहले उसकी मौजूदा जानकारी जरूर देख लें। McLeod Ganj में सिर्फ एक ही तरह का खाना नहीं मिलता, इसलिए अपनी पसंद के हिसाब से अलग-अलग स्वाद आजमाने का मौका न छोड़ें।

मैक्लॉडगंज में शॉपिंग

मैक्लॉडगंज की बाजारों में घूमना भी अपने आप में एक अच्छा अनुभव है। यहां छोटी दुकानों में तिब्बती हस्तशिल्प, ऊनी कपड़े, ज्वेलरी, किताबें और कई तरह के यादगार सामान मिलते हैं। अगर आप यहां से कुछ खरीदना चाहते हैं, तो इन चीजों पर नजर डाल सकते हैं।

थांगका पेंटिंग पारंपरिक बौद्ध पेंटिंग होती हैं, जिन्हें कपड़े पर हाथ से बनाया जाता है। इनमें बुद्ध, बौद्ध देवी-देवताओं और धार्मिक चित्रों को दिखाया जाता है। खरीदते समय दुकानदार से जरूर पूछें कि पेंटिंग हाथ से बनी है या प्रिंटेड।

सिंगिंग बाउल धातु के कटोरे होते हैं, जिन्हें लकड़ी के डंडे से बजाने पर गूंजती हुई आवाज निकलती है। इन्हें ध्यान और मेडिटेशन से जुड़ी गतिविधियों में इस्तेमाल किया जाता है। खरीदने से पहले इन्हें बजाकर आवाज जरूर सुनें।

प्रार्थना झंडे और प्रार्थना चक्र मैक्लॉडगंज में कई दुकानों पर मिल जाते हैं। ये तिब्बती बौद्ध परंपरा से जुड़े हैं और छोटे गिफ्ट के रूप में भी खरीदे जाते हैं। कांगड़ा घाटी की चाय अपने स्वाद और खुशबू के लिए जानी जाती है। आप यहां से ग्रीन टी या ब्लैक टी खरीद सकते हैं। खरीदते समय पैकिंग और चाय की गुणवत्ता देख लें।

ऊनी शॉल, टोपी और मफलर ठंड के मौसम में काम आने वाली चीजें हैं। ये यहां कई तरह के डिजाइन और कीमतों में मिलती हैं। तिब्बती और बोहो ज्वेलरी में रंग-बिरंगे मोती, पत्थर और पारंपरिक डिजाइन वाली ज्वेलरी मिलती है। हैंडमेड डायरी और स्टेशनरी छोटी-छोटी यादें संभालकर रखने के लिए अच्छे विकल्प हैं। तिब्बती कालीन और दरियां भी यहां मिलते हैं। इनकी कीमत आकार, डिजाइन और बनाने के तरीके पर निर्भर करती है। McLeod Ganj

बौद्ध दर्शन की किताबें खरीदना चाहते हैं, तो मंदिर के आसपास की दुकानों में देख सकते हैं। जोगीबाड़ा रोड पर ज्वेलरी, कपड़े और छोटे गिफ्ट आइटम की दुकानें मिलती हैं। कोटवाली बाजार में ऊनी सामान, चाय और रोजमर्रा की चीजें देख सकते हैं। टेम्पल रोड और सेंट्रल स्क्वायर के आसपास तिब्बती हस्तशिल्प, किताबें और प्रार्थना से जुड़ा सामान मिल जाता है।

अगर आप कोई महंगी चीज, जैसे थांगका पेंटिंग या कालीन खरीद रहे हैं, तो एक ही दुकान से तुरंत खरीदारी न करें। दो-तीन दुकानों पर कीमत और गुणवत्ता की तुलना कर लें। McLeod Ganj

मैक्लॉडगंज कैसे पहुंचें?

मैक्लॉडगंज पहुंचने के लिए आप सड़क, ट्रेन और हवाई यात्रा के विकल्प चुन सकते हैं। अपनी सुविधा और बजट के हिसाब से रास्ता तय करें। सड़क से दिल्ली, चंडीगढ़ और पंजाब के कई शहरों से धर्मशाला के लिए बसें मिल जाती हैं। धर्मशाला पहुंचने के बाद टैक्सी या स्थानीय बस से मैक्लॉडगंज जा सकते हैं। दिल्ली से सड़क यात्रा में दूरी और ट्रैफिक के हिसाब से काफी समय लग सकता है।McLeod Ganj

McLeod Ganj

ट्रेन से मैक्लॉडगंज का अपना बड़ा रेलवे स्टेशन नहीं है। पठानकोट या कांगडा घाटी रेल लाइन के आसपास के स्टेशन तक ट्रेन से पहुंचकर आगे सड़क मार्ग से यात्रा करनी पड़ती है। ट्रेन चुनने से पहले यह जरूर देख लें कि वह किस स्टेशन तक जाती है और वहां से मैक्लॉडगंज पहुंचने में कितना समय लगेगा।

हवाई जहाज से गग्गल स्थित कांगड़ा एयरपोर्ट धर्मशाला के पास है। वहां से टैक्सी लेकर मैक्लॉडगंज पहुंच सकते हैं। फ्लाइट की उपलब्धता मौसम और शेड्यूल के हिसाब से बदल सकती है।

बजट और जरूरी बातें

McLeod Ganj में आप अपने बजट के हिसाब से यात्रा कर सकते हैं। यहां बजट होमस्टे से लेकर अच्छे होटल तक कई विकल्प मिलते हैं। इसी तरह खाने के लिए छोटे ढाबे और कैफे दोनों मिल जाएंगे। आपका कुल खर्च इस बात पर निर्भर करेगा कि आप किस तरह की जगह पर रुकते हैं, कितने दिन रहते हैं और कितनी गतिविधियां करते हैं।

कुछ जरूरी बातें यात्रा से पहले ध्यान में रखें। पहाड़ी रास्तों पर चलने के लिए आरामदायक जूते रखें। मौसम के हिसाब से गर्म कपड़े साथ रखें, क्योंकि गर्मियों में भी शाम और सुबह ठंड महसूस हो सकती है। छोटे दुकानदारों या दूर के इलाकों में भुगतान के लिए थोड़ा कैश रखना अच्छा है, भले ही बाजार में कई जगह UPI उपलब्ध हो।

धार्मिक स्थलों पर शालीन कपड़े पहनें और वहां के नियमों का पालन करें। मंदिर या मठ में फोटो लेने की अनुमति हर जगह एक जैसी नहीं होती। किसी व्यक्ति, खासकर भिक्षु या श्रद्धालु की तस्वीर लेने से पहले उनकी अनुमति जरूर लें।

अगर आप त्रिउंड या किसी दूसरे पहाड़ी रास्ते पर जा रहे हैं, तो मौसम का हाल देखकर ही निकलें। पानी की बोतल, हल्का नाश्ता और जरूरी दवाइयां अपने साथ रखें। पहाड़ों पर प्लास्टिक या कचरा न छोड़ें और जो सामान अपने साथ ले जाएं, उसे वापस लेकर आएं। McLeod Ganj

Five Colors of Travel के सुझाव

  • सुबह मंदिर जरूर जाएं: त्सुगलखंग कॉम्प्लेक्स में सुबह का समय बिताएं, ताकि आप वहां की शांति और प्रार्थना का माहौल आराम से महसूस कर सकें।
  • त्रिउंड ट्रेक की तैयारी पहले करें: अच्छे ग्रिप वाले जूते पहनें, पानी साथ रखें और मौसम व स्थानीय नियमों की जानकारी लेकर ही ट्रेक पर निकलें।
  • तिब्बती खाना जरूर चखें: मोमोज और थुकपा के साथ तिब्बती ब्रेड या बटर टी भी आजमाएं, क्योंकि यहां का खाना इस जगह की खास पहचान है।
  • शॉपिंग में जल्दबाजी न करें: थांगका पेंटिंग, सिंगिंग बाउल या ऊनी सामान खरीदने से पहले अलग-अलग दुकानों पर कीमत और गुणवत्ता की तुलना करें।
  • एक दिन आसपास की जगहों के लिए रखें: धर्मकोट, नड्डी और भागसूनाग की सैर के लिए अलग समय निकालें, ताकि आपकी यात्रा सिर्फ बाजार तक सीमित न रहे।

मैक्लॉडगंज उन जगहों में से है जहां आप सिर्फ पहाड़ देखने नहीं जाते, बल्कि एक अलग संस्कृति, खानपान और जीवनशैली को भी करीब से समझते हैं। कभी मठों की शांति में कुछ पल बिताने का मन करता है, तो कभी किसी छोटे कैफे में बैठकर पहाड़ों को देखते रहने का। और अगर थोड़ा एडवेंचर पसंद है, तो त्रिउंड का रास्ता आपका इंतजार कर रहा है।

तो अगली बार जब भी हिमाचल घूमने का प्लान बनाएं, McLeod Ganj को अपनी लिस्ट में जरूर रखें। यहां बिताए गए कुछ दिन आपको पहाड़ों की खूबसूरती के साथ एक अलग तरह का सुकून भी दे सकते हैं। McLeod Ganj

Shivani Pal

Shivani Pal

About Author

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may also like

Culture Himachal Pradesh Travel

Chail- Amazing places to visit in Chail

चंडीगढ़ से महज 110 किमी की दूरी पर है खूबसूरत चैल हिल स्टेशन by Pardeep Kumar मैं प्रदीप कुमार फाइव
Culture Destination Lifestyle Uttar Pradesh

Garh Mukteshwar

Garh Mukteshwar – गढ़मुक्तेश्वर: जहाँ कौरवों और पांडवों का पिंडदान हुआ था By Pardeep Kumar नमस्कार, आदाब, सत श्री अकाल