Mehrangarh Fort Destination Latest Travel

Mehrangarh Fort: जोधपुर के मेहरानगढ़ किले का इतिहास

  • 0 Comments

राजस्थान के जोधपुर शहर में जब आप पुरानी गलियों से गुजरते हैं, तो दूर पहाड़ी पर बना एक विशाल किला बार-बार आपका ध्यान खींचता है। नीचे नीले रंग से रंगे घर, आसपास फैला रेगिस्तानी इलाका और पहाड़ी के ऊपर लाल पत्थरों से बना यह किला। पहली नजर में ही इसकी ऊँची दीवारें और भव्य बनावट आपको कुछ देर रुककर इसे देखने पर मजबूर कर देती हैं। यह है जोधपुर का Mehrangarh Fort, जिसे देखने के लिए देश-विदेश से पर्यटक आते हैं। करीब 500 साल से भी ज्यादा समय से यह किला मारवाड़ के इतिहास का अहम हिस्सा बना हुआ है। कभी यहाँ से राठौड़ राजाओं का शासन चलता था, तो आज इसके अंदर बने महल और संग्रहालय उस दौर की शाही जिंदगी की झलक दिखाते हैं। इस किले की खास बात यह है कि बाहर से देखने पर यह एक मजबूत सैनिक किला लगता है, लेकिन अंदर जाने पर खूबसूरत महल, शीशों की सजावट, पुराने हथियार, शाही पालकियाँ और राजघराने से जुड़ी कई चीजें देखने को मिलती हैं। अगर आप जोधपुर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो Mehrangarh Fort को देखने के लिए कुछ घंटे जरूर निकालें। आइए जानते हैं इस किले का इतिहास, इससे जुड़ी मान्यताएँ और यहाँ घूमने की जरूरी जानकारी। नीले शहर के ऊपर कैसे बना इतना विशाल किला? जोधपुर को नीला शहर कहा जाता है और इसकी सबसे खास पहचान यहाँ के पुराने नीले रंग के घर हैं। इन्हीं घरों के ऊपर एक ऊँची चट्टानी पहाड़ी पर Mehrangarh Fort बना हुआ है। यह किला आसपास के शहर से लगभग 400 फीट ऊँचाई पर स्थित है। इसकी ऊँची दीवारें और पहाड़ी पर बनी मजबूत बनावट इसे दूर से ही खास बना देती हैं। किले के आसपास का नजारा भी देखने लायक है। एक तरफ जोधपुर की पुरानी बस्ती दिखाई देती है, तो दूसरी तरफ दूर तक फैली अरावली की पहाड़ियाँ और रेगिस्तानी इलाका नजर आता है। किले की प्राचीर से नीचे देखने पर नीले घरों की कतारें किसी रंगीन तस्वीर जैसी लगती हैं। अंग्रेजी लेखक रुडयार्ड किपलिंग ने भी इस किले की भव्यता की तारीफ की थी। उन्होंने इसकी तुलना ऐसी इमारत से की थी, जिसे मानो किसी विशाल शक्ति ने बनाया हो और सुबह की धूप ने रंग दिया हो। Mehrangarh Fort की ऊँचाई, विशाल दीवारें और पहाड़ी पर इसकी स्थिति आज भी इसकी सबसे बड़ी पहचान हैं। राव जोधा ने 1459 में क्यों रखी थी किले की नींव? मेहरानगढ़ का इतिहास 15वीं शताब्दी से जुड़ा हुआ है। उस समय मारवाड़ पर राठौड़ राजवंश का शासन था और उनकी राजधानी मंडोर हुआ करती थी। राव जोधा ने अपने राज्य के लिए एक ऐसी जगह चुनी, जहाँ से आसपास के इलाके पर नजर रखी जा सके और दुश्मनों के हमले से बचाव भी आसान हो। इसी सोच के साथ उन्होंने 1459 में एक ऊँची चट्टानी पहाड़ी पर नए किले का निर्माण शुरू करवाया। इसके आसपास धीरे-धीरे बस्ती बसने लगी और आगे चलकर यही शहर जोधपुर के नाम से जाना गया। इस तरह Mehrangarh Fort केवल एक किला नहीं रहा, बल्कि जोधपुर शहर के विकास की शुरुआत का भी अहम हिस्सा बना। किले का निर्माण एक ही राजा के समय में पूरा नहीं हुआ। राव जोधा के बाद आने वाले राठौड़ शासकों ने इसमें नए महल, दरवाजे, आंगन और दूसरी इमारतें बनवाईं। इसी वजह से आज यहाँ अलग-अलग समय की वास्तुकला देखने को मिलती है। मेहरानगढ़ नाम का क्या मतलब है? मेहरानगढ़ नाम को लेकर एक प्रचलित व्याख्या है। इसे संस्कृत के ‘मिहिर’ यानी सूर्य और ‘गढ़’ यानी किला से जोड़कर देखा जाता है। राठौड़ राजवंश अपनी वंश परंपरा को सूर्यदेव से जोड़ता था। इसी वजह से इस किले को सूर्य का किला भी कहा जाता है। किले के नाम से जुड़ी यह बात इसके इतिहास और राजवंश की मान्यताओं को समझने में मदद करती है। Mehrangarh Fort की पहचान केवल इसकी ऊँचाई और मजबूती से नहीं, बल्कि मारवाड़ के राजघराने से जुड़े प्रतीकों और परंपराओं से भी बनी है। चिड़िया नाथजी का श्राप और राजा राम मेघवाल की कहानी मेहरानगढ़ किले के निर्माण से जुड़ी कुछ स्थानीय मान्यताएँ भी प्रचलित हैं। कहा जाता है कि जिस पहाड़ी पर किला बनाया गया, वहाँ चिड़िया नाथजी नाम के एक साधु रहते थे। जब राव जोधा ने किले के निर्माण के लिए उस जगह को चुना, तो साधु को वहाँ से जाना पड़ा। इससे नाराज होकर उन्होंने जोधपुर में पानी की कमी रहने का श्राप दिया था। एक दूसरी प्रचलित मान्यता राजा राम मेघवाल के बलिदान से जुड़ी है। स्थानीय लोककथाओं के अनुसार, किले की नींव मजबूत और शुभ बनाने के लिए राजा राम मेघवाल ने अपनी इच्छा से बलिदान दिया था। कहा जाता है कि राठौड़ शासकों ने उनके परिवार को जमीन और सम्मान देने का वादा किया था। इन घटनाओं को किले से जुड़ी लोकमान्यताओं के रूप में देखा जाना चाहिए। इनके सभी विवरणों की ऐतिहासिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है। फिर भी ये बातें आज भी स्थानीय लोगों और किले के इतिहास में दिलचस्पी रखने वाले पर्यटकों के बीच चर्चा का विषय बनी रहती हैं। Mehrangarh Fort की ऐसी मान्यताएँ इसके इतिहास को और दिलचस्प बना देती हैं। किले की मजबूत दीवारें और सात बड़े दरवाजे मेहरानगढ़ किले की सुरक्षा के लिए इसे पहाड़ी के ऊपर बनाया गया था। इसकी दीवारें कई जगह लगभग 120 फीट तक ऊँची और काफी मोटी हैं। किले तक पहुँचने का रास्ता भी सीधा नहीं है। पहाड़ी पर चढ़ते हुए घुमावदार रास्ते से गुजरना पड़ता है और रास्ते में कई बड़े दरवाजे मिलते हैं। इन दरवाजों को स्थानीय भाषा में पोल कहा जाता है। हर दरवाजे की अपनी बनावट और इतिहास है। कुछ दरवाजे युद्ध में मिली जीत की याद में बनवाए गए थे, जबकि कुछ किले की सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा थे। जय पोल किले के प्रसिद्ध दरवाजों में से एक है। इसका निर्माण महाराजा मान सिंह ने 1806 में करवाया था। इसे जयपुर और बीकानेर की सेनाओं पर मिली जीत की याद से जोड़ा जाता है। फतेह पोल का संबंध महाराजा अजीत सिंह के समय से है। इसे 1707 में मुगलों पर मिली जीत की याद में बनवाया गया था। डेढ़ कांगड़ा पोल की दीवारों पर आज भी तोप

Best of My Blogs Rajasthan Travel

मेहरानगढ़ फोर्ट-क्यों है भारत का सबसे शानदार किला? जानिए पूरी कहानी

  • 0 Comments

आप सभी जानते हैं भारत को मंदिरों का देश माना जाता है, लेकिन अगर भारत को ऐतिहासिक किलों का देश कहा जाये तो बिलकुल भी गलत नहीं होगा, क्योंकि देश का चाहे कोई भी हिस्सा हो उत्तर से लेकर दक्षिण तक आपको देश भर में 500 से भी ज्यादा किले देखने को मिल जाएंगे, जो देश के अलग-अलग राज्यों में स्थित हैं। इनमें से कई किले सैकड़ों साल पुराने हैं, बहुत से किले तो ऐसे भी हैं, जो कब बने और इन्हें किसने बनाया, के बारे में कोई नहीं जानता। (Mehrangarh Fort) आज हम आपको इस ब्लॉग में एक ऐसे ही किले के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसके बारे में कहा जाता है कि यह किला भारत के सबसे पुराने और विशाल किलों में से एक है, जिससे भारत के समृद्धशाली अतीत की झलक मिलती है। किले का ऐतिहासिक दृष्टिकोण इस किले को मेहरानगढ़ दुर्ग या मेहरानगढ़ फोर्ट के नाम से जाना जाता है। राजस्थान के जोधपुर शहर के ठीक बीचों-बीच स्थित यह किला करीब 125 मीटर की ऊंचाई पर बना है। अगर ऐतिहासिक दृष्टिकोण से देखें तो 15वीं शताब्दी में इस किले की नींव राव जोधा ने रखी थी, लेकिन इसके निर्माण का कार्य बाद में महाराज जसवंत सिंह ने पूरा किया। मेहरानगढ़ किले के बनने की कहानी कुछ इस तरह है कि राव जोधा जब जोधपुर के 15वें शासक बने, उसंके एक साल बाद ही उन्हें लगने लगा कि मंडोर का किला उनके लिए सुरक्षित नहीं है। इसलिए उन्होंने अपने तत्कालीन किले से एक किलोमीटर दूर पहाड़ी पर एक किला बनवाने की सोची। उस पहाड़ी को ‘भोर चिड़ियाटूंक‘ के नाम से जाना जाता था, क्योंकि वहां काफी संख्या में पक्षी रहते थे। आठ दरवाजों और अनगिनत बुर्जों से युक्त यह किला ऊंची-ऊंची दीवारों से घिरा हुआ है। दूर से देखने पर ही आपको इस किले की विशालता का पता चल जायेगा। जोधपुर शहर के किसी भी हिस्से से आप इस किले को देख सकते हैं।  वैसे तो इस किले के सात ही द्वार(पोल) हैं, लेकिन कहते हैं कि इसका आठवां द्वार भी हैं जो रहस्यमयी है। और ऐसे रहस्यों के पीछे बहुत सी कहानियां जुड़ी होती हैं जिनको समझना आसान नहीं। किले के मुख्य द्वार  पर हाथियों के हमले से बचाव के लिए नुकीली कीलें लगवाई गई थीं। सुरक्षा के लिहाज़ से इस तरह की कारीगरी आपको कुछ दूसरे किलों में दिखाई देगी। चामुंडा माता का मंदिर किले में चामुंडा माता का मंदिर भी है, जिसे राव जोधा ने 1460 ईस्वी में बनवाया था। नवरात्रि के दिनों में यहां विशेष पूजा अर्चना की जाती है। बताते हैं जब राव जोधा ने अपनी राजधानी को मंडोर से जोधपुर शिफ्ट किया था तब वह अपने साथ दुर्गा माता की मूर्ति को भी ले गए थे। इस मूर्ति को मेहरानगढ़ किले में स्थापित किया गया था जिसे आज चामुंडा माता मंदिर के नाम से जाना जाता है। यहीं इसी जगह हर साल माता का प्रसिद्ध मेला भी लगता है जिसमे दूर दराज से हज़ारों श्रद्धालु पूजा अर्चना करने आते हैं। किले की इमारतों की बनावट जब आप इस किले की इमारतों की बनावट देखेंगे तो देखते ही रह जाएंगे। महाराजा अजीत सिंह के शासन के समय इस किले की कई इमारतों का निर्माण मुगल डिजाइन में किया गया है। इस किले में पर्यटकों को आकर्षित करने वाले सात विशाल दरवाज़ों के अलावा मोती महल (पर्ल पैलेस), फूल महल (फूल महल), दौलत खाना, शीश महल (दर्पण पैलेस) जैसे कई शानदार शैली में बने कमरें हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें मोती महल का निर्माण राजा सूर सिंह द्वारा बनवाया गया था। शीश महल, या हॉल ऑफ मिरर्स बेहद आकर्षक ढंग से बनाया गया है जो अपनी दर्पण के टुकड़ों पर जटिल डिजाइन की कारीगरी की वजह से पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहता है। फेमस म्यूजियम मेहरानगढ़ फोर्ट भारत के सबसे पुराने किलों में से एक है, जो भारत के मजबूत और गौरवशाली इतिहास को खुद में समेटे है. मेहरानगढ़ किले का म्यूजियम राजस्थान  के बेहतरीन और फेमस म्यूजियम में से एक है., जिसमें राजा-महाराजाओं की पोशाकें और उनके हथियार रखे गए हैं. साथ ही, उनके रहन-सहन, दैनिक जीवन  और कल्चर से जुड़ी चीजें आज भी यहां मौजूद हैं जो यहाँ आने वाले पर्यटकों को अपनी और आकर्षित जरूर करती है। मेहरानगढ़ किले के परकोटों से पूरे जोधपुर शहर का बेहतरीन नजारा आप देख सकते हैं. इस फोर्ट की दीवार 10 किलोमीटर तक फैली है और दीवार की ऊंचाई 20 फीट से 120 फीट तक है. वहीं, दीवार की चौड़ाई 12 फीट से 70 फीट तक है. ट्रेडिशनल बाजार  इस किले में पर्यटकों के लिए एक छोटा सा बाजार भी बनाया गया है जहाँ से आप राजस्थानी  पारम्परिक परिधानों और जूतियो के अलावा विभिन्न प्रकार के अन्य डेकोरेटिव आइटम्स की खरीदारी भी  कर सकते हैं। इसके अलावा इस किले के अंदर एक शाही रेस्टोरेंट भी मौजूद है, जहां पर आप अपने पार्टनर के साथ कैंडल लाइट डिनर का आनंद भी ले सकते हैं। इस किले की एंट्री टिकट पर व्यक्ति 200 रुपए है। क्योंकि यह किला आज भी जोधपुर के राज घराने के संरक्षण में है न की भारतीय पुरातत्व विभाग के अधीन, इसलिए यहाँ के रख रखाव के लिए टिकट की कीमत ज्यादा रखी गई है। लेकिन किला इतना शानदार है कि आपको लगेगा की टिकट के पैसे वसूल हो गए। कितना समय काफी रहेगा इस किले को देखने के लिए-Mehrangarh Fort timingsक्योंकि मेहरानगढ़ फोर्ट देश के सबसे पुराने और बड़े किलो में से एक है इसलिए इस पूरे किले को देखने के लिए आप तीन से चार घंटे मान कर चलिए। अगर आप ऐतिहासिक इमारतों और चीजों को पसंद करते हैं तब थोड़ा एक्स्ट्रा समय इसमें और जोड़ लीजिये। किले की बनावट, महल और विशेषकर यहाँ का म्यूजियम आपको जल्दी से यहाँ से रुख़्सत नहीं होने देगा। कैसे पहुंचें मेहरानगढ़ का किला मेहरानगढ़ किला पहुंचने के लिए सबसे नजदीकी हवाई अड्डा जोधपुर में स्थित है। वहीं, यहां पहुंचने के लिए सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन जोधपुर जंक्शन है। । क्योंकि जोधपुर राज्य का दूसरा सबसे बड़ा शहर है इसलिए  यहां पर सड़क मार्ग से भी बेहद आसानी से पहुंचा जा सकता है।