Photography tips in Monsoon Season by Dr. Pardeep Kumar
मानसून का मौसम और हिल स्टेशन की यात्रा – इससे बेहतर जोड़ी क्या हो सकती है! जब बादल पहाड़ों को अपनी बाहों में समेट लेते हैं, पत्तों पर बारिश की बूँदें झिलमिलाने लगती हैं और कोहरे की चादर वादियों को रहस्यमयी बना देती है, तब हर नज़ारा कैमरे में क़ैद कर लेने लायक होता है। लेकिन इस मौसम की फोटोग्राफी जितनी रोमांचक लगती है, उतनी ही चुनौतीपूर्ण भी हो सकती है।
तो अगर आप भी इस मानसून में किसी हिल स्टेशन का रुख़ करने वाले हैं और बेहतरीन फोटोज़ लेना चाहते हैं, तो यह ब्लॉग आपके लिए एक परफ़ेक्ट गाइड है — आसान भाषा में, दिलचस्प सुझावों के साथ।
मानसून और फोटोग्राफी: एक रोमांटिक रिश्ता।

मानसून में प्रकृति खुद एक कलाकार बन जाती है। आसमान में बादल, धुंध से ढकी चोटियाँ, भीगे हुए पेड़-पौधे, बहते झरने, मटमैली सड़कें और अचानक निकल आता सूरज — ये सब मिलकर एक ऐसा सीन बनाते हैं जिसे कैमरे में कैद किए बिना रहा नहीं जाता। और एक अच्छे फोटोग्राफर को और चाहिए भी क्या?
लेकिन मानसून की सबसे बड़ी ख़ूबी है — उसकी अनिश्चितता। इसलिए तैयार रहना जरूरी है।
फोटोग्राफी की तैयारी: क्या साथ लेकर चलें?
मानसून में पहाड़ों पर फोटोग्राफी का मतलब है कि आपको पानी, कीचड़, फिसलन और कभी-कभी तेज़ हवाओं से भी दो-चार होना पड़ेगा। तो सबसे पहले ज़रूरी है सही तैयारी।
ज़रूरी चीज़ें:
• वॉटरप्रूफ कैमरा बैग
• रेन कवर: कैमरा और मोबाइल दोनों के लिए
• माइक्रोफाइबर कपड़ा: लेंस सुखाने के लिए
• पॉकेट टॉवल या नेपकिन
• ट्राइपॉड/गोरिल्ला पॉड: लंबे एक्सपोज़र शॉट्स के लिए
• गिम्बल, एक्स्ट्रा बैटरी और मेमोरी कार्ड
जरुरी सुझाव : अगर आपके पास DSLR नहीं है, तो कोई बात नहीं! आजकल के स्मार्टफोन कैमरे भी शानदार नतीजे देते हैं। बस कैमरा ऐप के मैनुअल फीचर्स का इस्तेमाल करना सीख लें। शॉट्स और एंगल समझना दोनों ही जगह जरुरी है चाहे DSLRसे फोटोग्राफी कर रहे हो या फिर स्मार्ट फ़ोन से…..

कोहरा और बादल: इन्हें दुश्मन नहीं, दोस्त बनाइए

हिल स्टेशन पर मानसून का मतलब है कोहरा और बादल हर जगह। लेकिन यही चीज़ें आपकी फोटो को एक अट्रेक्टिंग और फिल्मी लुक दे सकती हैं। इनसे बचिए मत बस इनमे खो जाइये और फिर देखिये फोटोग्राफी क्या होती है …
कैसे करें इस्तेमाल?
• कोहरे में सड़क का एक हिस्सा दिखाते हुए शॉट लें — फ्रेम में गहराई आएगी
• किसी पेड़ या व्यक्ति को कोहरे में धुंधले रूप में शामिल करें
• अगर बादल पहाड़ों पर मंडरा रहे हैं, तो वाइड एंगल शॉट लें
• बैकलाइट (पीछे से आती रोशनी) का प्रयोग करें, जब सूरज हल्के बादलों से झाँकता है
जरुरी सुझाव: व्हाइट बैलेंस को “Cloudy” मोड में रखें ताकि तस्वीर में गर्माहट बनी रहे।
हरियाली और रिफ्लेक्शन का खेल

बारिश में पत्तियाँ चमकती हैं, रास्तों पर कहीं कहीं थोडा पानी जमा होता है और झीलों में आसमान और पेड़ प्रतिबिंबित होते हैं। यह समय है रिफ्लेक्शन फोटोग्राफी का। बस एंगल धुन्धिये और शुरू हो जाइये..
कुछ क्रिएटिव आइडिया:
• पेड़ों की छाया को पानी में दिखाते हुए फ्रेम
• रेनड्रॉप्स के क्लोज-अप (Leaf Macro Shots)
• काँच की खिड़की पर गिरती बूँदों के पीछे धुंधला नज़ारा
• कीचड़ भरे रास्तों में टायर के निशान या पैरों के छाप
जरुरी सुझाव: मोबाइल में पोर्ट्रेट मोड और “pro mode” का इस्तेमाल करें — ISO और फोकस मैन्युअल करने से शानदार नतीजे मिलते हैं।
लोगों को भी शामिल करें

प्राकृतिक दृश्यों के साथ अगर आप लोगों को शामिल करते हैं — खासकर मानसून की रेनकोट, छतरी, भीगे बालों वाले लुक में लड़की— तो फोटो और ज़्यादा कहानी कहने वाली बनती है।
कैप्चर करें: ट्रैकिंग करते लोगों के पीछे से शॉट, रंग-बिरंगी छतरियों के साथ सड़क पर चलते लोग, किसी चाय की दुकान पर बैठे, स्टीमिंग कप पकड़े व्यक्तिबारिश में झरने के नीचे भीगती युवती की खुशी
छोटा दृश्य, बड़ी कहानी — यही होता है “Travel Portraits in Rain” का कमाल। क्रिएटिव इंसान अगर थोडा स्मार्ट भी है तो बस फिर कहना ही क्या।
लोकेशन का सही चयन
मानसून में हिल स्टेशन की कौन-सी जगह फोटोजेनिक होती है? यह समझना बेहद ज़रूरी है।
कुछ लोकप्रिय दृश्य:
• घुमावदार सड़कें (Hairpin Bends)
• झरने और बहती नदियाँ
• चाय बागान या घाटियाँ
• लकड़ी के घर या गाँव की गलियाँ
• क्लाउड कवर व्यू पॉइंट्स
ड्रोन हो तो सावधानी से इस्तेमाल करें — मानसून में तेज़ हवाएं और बारिश डिवाइस को नुकसान पहुँचा सकती हैं।
मानसून फोटोग्राफी में रंगों का महत्व

बारिश में अक्सर आसमान ग्रे हो जाता है, ऐसे में अगर आपके फ्रेम में कोई रंग मौजूद हो — जैसे लाल छतरी, पीली जैकेट, हरा रेनकोट — तो तस्वीर और भी शानदार बन जाती है। वैसे भी रंग से नूर होता है।
कुछ कलरफुल एलिमेंट्स:
• छतरियाँ, कपड़े, जूते
• फूलों की क्यारियाँ या पहाड़ी फल या खिले हुए फूल
• ट्रकों या दुकानों पर पेंटिंग
इसके अलावा भी बहुत कुछ है जो आप कलरफुल कैप्चर कर सकते हो बस आपकी परखी नज़र होनी चाहिए
जरुरी सुझाव: “Colour pop” और “Vivid” मोड को ट्राई करें — हरियाली और रंग दोनों उभरकर आते हैं।
शूट के बाद क्या करें?
मानसून में कैमरा या मोबाइल भीग सकता है, लेंस पर फॉग जम सकता है। इसलिए फोटोग्राफी/शूटिंग के बाद इन बातों का ध्यान रखें:

• कैमरा और फोन को सूखे कपड़े से पोंछें
• अगर लेंस पर नमी है, तो ड्राई बैग में सिलिका जेल के साथ रखें
• गीली बैटरी या चार्जर न लगाएँ
एडिटिंग: थोड़ी रचनात्मकता और
मानसून में फोटो क्लिक करना आधा काम है, बाकी आधा एडिटिंग में होता है। आप कितने बेहतर एडिटर हो बाकी सब इसी पर निर्भर है. अगर फोटोग्राफर ही एडिटर है तो वह फोटो के मर्म को बहुत आसानी से समझ सकता है. बाकी सब तो बढ़िया है ही…
एडिटिंग ऐप्स:
• Snapseed: कंट्रास्ट, ब्राइटनेस और डीटेल बढ़ाने के लिए बहुत स्जनदार एप है.
• Lightroom Mobile: प्रोफेशनल टच के लिए
• Photopia- मूडी फील और कलर टोन सेटिंग्स के लिए फोटोपिया का अच्छा इस्तेमाल किया जा सकता है..
मानसून की फोटोग्राफी है दिल से देखने और दिल की सुनने का नाम
मानसून में हिल स्टेशन की फोटोग्राफी सिर्फ़ कैमरे से नहीं, दिल से की जाती है। हर बादल, हर बूँद, हर धुंध के पीछे एक कहानी होती है। बस ज़रूरत है — उसे देखने, समझने और शॉट लेने की सही नज़ाकत की। मेरा मानना है एक फोटोग्राफर कितना प्यारा इंसान है उसके फोटो देखकर कोई भी समझ सकता है।
इसके लिए उसका बोल्ड होना उतना ही जरुरी है जितना उसका नेचर लवर होना। नैरो माइंड इंसान और भी बहुत सारे काम कर सकता है फोटोग्राफी छोड़ कर।
सबसे जरुरी बात मानसून में एक फोटोग्राफर के लिए जो काम किसी हिल स्टेशन पर एक चाय करेगी वो ठंडा दूध शहद के साथ नहीं हो सकता…
तो अगली बार जब आप किसी हिल स्टेशन जाएँ, तो कैमरा या मोबाइल ज़रूर साथ रखें, लेकिन उससे भी ज़्यादा खुली नज़र और जिज्ञासा अपने साथ जरुर रखें।

Five Colors of Travel भारत का एक भरोसेमंद Hindi Travel Blog है जहां आप ऑफबीट डेस्टिनेशन, culture, food, lifestyle और travel tips की authentic जानकारी पढ़ते हैं